Uttarakhand Weather: मौसम बदला, सात डिग्री सेल्सियस लुढ़का पारा; आज हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं देहरादून में 24 घंटे के भीतर अधिकतम पारा सात डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। आज दून में भी आंशिक बादलों के बीच बूंदाबांदी हो सकती है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों ने डेरा डाल लिया है और वर्षा के आसार बने हुए हैं। मौसम के बदले मिजाज से अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
देहरादून में 24 घंटे के भीतर अधिकतम पारा सात डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में चोटियों पर हिमपात हो सकता है।
वर्षा के आसार
आसपास के निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती हैं। दून में भी आंशिक बादलों के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार को दून में सुबह हल्की धूप खिली और दोपहर बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। शाम को वर्षा के आसार बने रहे। आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। वहीं, मसूरी में सुबह से ही घने बादल छाये रहे। जबकि, कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई।
मौसम के करवट बदलने से कुलांचें भर रहे पारे की रफ्तार भी थमी और कई जगह तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। दून में 24 घंटे में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने आज भी दून में आंशिक से लेकर मुख्यत: बादल छाये रहने की संभावना जताई है।
कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बौछार पड़ सकती हैं। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 25.7, 16.2
- ऊधमसिंह नगर, 26.5, 16.4
- मुक्तेश्वर, 16.6, 5.5
- नई टिहरी, 16.0, 8.4
मसूरी में ठंड लौटी, सुबह से रात तक छाया रहा घना कोहरा
मसूरी में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है और गुरूवार को तड़के से लेकर रात तक घना कोहरा छाने से ठण्ड फिर से लौटी है। घने कोहरे के कारण पूरे दिन भर दृश्यता बामुश्किल 10 से 15 फीट तक रही जिसमें वाहन चलाने में वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। आसमान में भी दिनभर बादल डेरा जमाये रहे। ठण्ड बढने से ऐसा महसूस हो रहा था कि सर्दियां अब शुरू हो रही है। अचानक मौसम में आये बदलाव से छोटे बच्चों में जुकाम व बुखार के मामले बढे हैं।
जौनसार बावर में बदला मौसम, चकराता में कड़ाके की ठंड
जौनसार बावर में मौसम का मिजाज बदलने पर चकराता क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया। बीते कुछ दिन से मौसम सामान्य था लेकिन गुरुवार को सुबह से ही चकराता ठंड ने आगोश में ले लिया। घने कोहरे होने के कारण छावनी बाजार चकराता सहित आसपास के इलाकों में भी ठंड बढ़ गई।
चकराता छावनी बाजार के अलावा लोखंडी, देववन, कोटी कनासर, चिरमिरी टाप, धरनाधार, पूरोड़ी, मांखटी, लागापोखरी, विराट खाई, चुरानी आदि स्थानों पर काफी कोहरा लगा होने के कारण जबरदस्त ठंड महसूस की गई। लोग दोबारा मोटे ऊनी कपड़े पहनते नजर आए। ठंड का असर छावनी बाजार के व्यापार पर भी देखने को मिला जहां ठंड अधिक होने से चकराता बाजार शाम को जल्दी बंद हो गया।
छावनी बाजार निवासी नैन सिंह राणा, अमित जोशी, केशर सिंह चौहान, अशोक कुमार गोयल, अमित अरोड़ा, राजेंद्र अरोड़ा, नितेश अस्वाल, राजेंद्र राणा, रविंद्र चौहान, देवेंद्र चौहान, रविंद्र रावत, शानू गुप्ता आदि का कहना है कई वर्षों के बाद मार्च माह में इतनी सर्दी का एहसास हुआ है। जिस कारण बाजार मंदा पड़ा हुआ है।