यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शुष्क मौसम में उत्तराखंड की वादियों में डटे सैलानी, जानें- अपने शहर का तापमान और क्या कहता मौसम विभाग
Uttarakhand Weather Update दिन में गुनगुनी धूप के बीच उत्तराखंड की वादियों में सैलानियों ने नववर्ष का जश्न मनाया। बड़ी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में गुनगुनी धूप के बीच उत्तराखंड की वादियों में सैलानियों ने नववर्ष का जश्न मनाया। बड़ी संख्या में पर्यटक अब भी यहां हिल स्टेशनों में डटे हैं। हालांकि, नववर्ष का जश्न मनाने के बाद धीरे-धीरे पर्यटकों के लौटने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में फिलहाल मौसम खुशगवार रहेगा। चार जनवरी के बाद पहाड़ों में मौसम बदल सकता है।
प्रदेश में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन में गुनगुनी धूप राहत दे रही है। खासकर पहाड़ों में मौसम सुहावना है। ऐसे में नववर्ष का जश्न मनाने के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हुए हैं। पूर्व संध्या पर हुए जश्न के बाद शनिवार को मसूरी-नैनीताल, औली, हर्षिल, केदारकांठा समेत तमाम प्रमुख स्थलों में पर्यटकों ने सुहावने मौसम में खूब सैर-सपाटा किया।
केदारकांठा बुग्याल में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटक यहां अटखेलियां कर रहे हैं। केदारकांठा के बेस कैंप जकलोक थाच, कुणाथाच, जुड़ाताल में पर्यटक अभी भी डटे हैं। हर्षिल, दयारा बुग्याल, चांगशील, हरकीदून और केदारकांठा में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने जश्न मनाया। उधर, विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों का तांता लगा रहा। मसूरी समेत आसपास के इलाकों में भी पर्यटकों ने सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। यहां दिनभर पर्यटकों की चहल पहल रही। हालांकि, शनिवार को दोपहर बाद पर्यटकों के लौटने का सिलसिला भी शुरू हो गया।
कोहरा बढ़ा सकता है परेशानी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। मैदान में कोहरा और पहाड़ में पाला मुश्किलें बढ़ा सकता है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी चार जनवरी से मौसम का मिजाज बदल सकता है। पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 22.5, 5.7
नैनीताल, 9.4, 1.5
हरिद्वार, 23.4, 6.5
औली, 10.8, 0.9
पंतनगर, 20.2, 9.5
मुक्तेश्वर, 09.8, 1.2
टिहरी, 14.3, 2.6
मसूरी, 12.8, 2.3
