यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के दो जिलों में ओलावृष्टि के आसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम करवट बदलने लगा है। बदरीनाथ और केदारनाथ के आसपास की पहाड़ियों पर हिमपात शुरू ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम करवट बदलने लगा है। बदरीनाथ और केदारनाथ के आसपास की पहाड़ियों पर हिमपात शुरू हो गया है, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और देहरादून और हरिद्वार में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
प्रदेश में जनवरी की शुरुआत में पहाड़ों में हिमपात और बारिश हुई थी। इसके बाद से मौसम साफ है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो चुका है। फलस्वरूप उच्च हिमालय में बर्फ गिरने के आसार हैं तो मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि संभव है। इस बीच प्रदेश में चम्पावत सर्वाधिक सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है।
चोटियों पर बर्फबारी से ठिठुरन
चमोली जिले की चोटियों पर हिमपात होने से जिले में ठिठुरन बढ़ गई है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब के अलावा जिले की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। ठंड से निजात पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। ठंड के बाद भी पर्यटन स्थल औली में पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। बीते कुछ दिनों से जिले में लगातार धूप खिलने के कारण मौसम साफ था।
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। ठंड के चलते कस्बों, बाजारों में सड़कें अधिकतर समय सुनसान रही। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में ठंड के बाद भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। पर्यटक औली पहुंचकर यहां की खूबसूरत वादियों का दीदार कर रहे हैं। रोपवे व चेयरलिफ्ट में बैठकर यहां के नजारों को अपनी नजरों में कैद कर रहे हैं।
विभिन्न शहरों में तापमान
शहर अधि. न्यून.
देहरादून 18.4 05.0
उत्तरकाशी 18.5 04.6
मसूरी 17.6 07.0
टिहरी 16.6 06.8
हरिद्वार 17.8 07.3
जोशीमठ 11.5 03.4
पिथौरागढ़ 19.1 03.0
अल्मोड़ा 19.6 01.1
मुक्तेश्वर 17.4 04.8
नैनीताल 15.3 06.0
यूएसनगर 19.8 05.6
चम्पावत 17.2 0.2
