विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: धनोल्‍टी में सीजन का पहला हिमपात, बर्फ की सफेद चादर से ढके चारधाम, गंगोत्री हाईवे बंद

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sat, 14 Jan 2023 06:57 AM (IST)Updated: Sat, 14 Jan 2023 11:24 AM (IST)

Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा। ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ।
Uttarakhand Weather: धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ।

जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा।

चारधाम सहित उत्‍तराखंड की ऊंची चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्द हवाओं से समूचे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई।

धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात

देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात भी हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए। इसके बाद आज शनिवार को धनौल्‍टी में पर्यटकों का जमावड़ा लगने की संभावना है।

बर्फबारी के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध

शनिवार को तड़के बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी में गंगोत्री, यमुनोत्री हर्षिल घाटी, सांकरी, जखोल, गंगाड, दयारा बुग्याल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई।

वहीं उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी होती रही। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग झाला से लेकर गंगोत्री के बीच बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गया है।

जोशीमठ में आसपास की चोटियों में बर्फबारी

कोटद्वार में हल्की बारिश हुई। पौड़ी में हल्के बादलों के बीच धूप खिली। चमोली आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई। रुद्रप्रयाग में बादल छाए रहे। मसूरी में भी हल्की बारिश हुई।

यह भी पढ़ें: Kedarnath Snowfall: धाम में जमी ढाई फीट बर्फ, तापमान पहुंचा माइनस 15, पुनर्निर्माण कार्य में लगे श्रमिक लौटे

आपदा प्रभावित जोशीमठ में बादल छाए रहे और आसपास की चोटियों में बर्फबारी हुई। जिससे राहत शिविरों में रह रहे प्रभावितों को दुश्‍वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी

हालांकि, आज से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले कुछ दिन शुष्क मौसम के बीच मैदानों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है। इस दौरान शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में बीते तीन दिनों से चोटियों पर रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। चारधाम समेत हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है।

इसके अलावा शुक्रवार को देहरादून समेत कई निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। चकराता के लोखंडी में सीजन का पहला हिमपात हुआ। जिससे आसपास के क्षेत्रों में कंपकंपी बढ़ गई। नैनीताल की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई।

नैनीताल में लंबे इंतजार के बाद हुआ हिमपात

लंबे इंतजार के बाद सरोवर नगरी की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। नगर क्षेत्र में हिमकणों के साथ ही ओले भी पड़े। मौसम के करवट लेते ही नगर में ठंड बढ़ गई। शुक्रवार सुबह चायना पीक, टांकी बैंड व किलबरी रोड पर हिमपात शुरू हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल उठे।

ऊंचाई वाले इन क्षेत्रों में देखते ही देखते बर्फ की चादर बिछ गई। इस बीच नगर के निचले क्षेत्र में ओले गिरने लगे। बीच-बीच में वर्षा भी होती रही। मौसम के बदले मिजाज से लगा कि अब अच्छा हिमपात होगा। लेकिन कुछ समय बाद ही हिमपात थम गया। इस बीच नयना पीक पर करीब आधा इंच तक बर्फ पड़ी।

हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज से अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रह सकती है।

हालांकि, सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा छाने से शीत दिवस की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मैदानों में तापमान में अत्याशित गिरावट दर्ज किए जाने की आशंका है। इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

डीएम ने दिए शीतलहर में रैन बसेरे और कंबल की व्यवस्था के निर्देश

देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम विभाग ने शीतलहर की चेतावनी जारी की है। जिसे ध्यान में रखते हुए देहरादून जिलाधिकारी सोनिका ने जनपद में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित समस्त उप जिलाधिकारियों व नगर निगम देहरादून व ऋषिकेश सहित तमाम नगर पालिका परिषदों को अलाव जलाने और रैन बसेरों में उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वंचितों को कंबल व गर्म कपड़े उपलब्ध कराने को भी कहा है।