संवाद सहयोगी, मसूरी : Uttarakhand Weather Update : हवा की बदली दिशा ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि हवा की दिशा उत्तरी हो रही है। हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। अगले पांच दिन कुमाऊं मंडल में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आमतौर पर मौसम साफ रहेगा। घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है। तापमान में कुछ कमी आ सकती है।

मसूरी में दिन में भी धूप बेअसर सी लग रही है
मसूरी और आसपास के क्षेत्र में ठंड अब हाड़ कंपाने लगी है। रात को यहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। वहीं दिन में भी धूप बेअसर सी लग रही है।
शाम ढलते ही शहर के होटलों में ठहरे पर्यटक कमरों में दुबक जा रहे हैं। सोमवार को दिन में मसूरी का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मसूरी में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है। शाम ढलते ही जगह-जगह अलाव तापते लोग दिखाई देने लगे हैं। रात को आसमान साफ होने पर खूब पाला पड़ रहा है, हालांकि अभी पाले ने जमकर बर्फ का रूप नहीं लिया है।
15 से शाम को अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी
शहर के उत्तर की ओर पड़ने वाले वैवरली-हाथीपांव रोड़, लाइब्रेरी-हैप्पीवैली-कंपनी गार्डन रोड, अपर मालरोड, कैमल्स बैक रोड आदि क्षेत्रों में तो दिन में भी पाला गिरता रहता है। सुबह अच्छी धूप से लोगों को राहत मिलती है, लेकिन दोपहर तक लगभग रोजाना कोहरा छाने से एकाएक सर्दी शुरू हो जाती है।
सर्दी से राहत दिलाने के लिए हर बार नगर पालिका की ओर से अलाव की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार अभी तक अलाव नहीं जलाए गए हैं। पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने बताया कि 15 दिसंबर से शहर के विभिन्न स्थानों पर शाम को अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
ठंड में तेजी, पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
नैनीताल जिले में तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सोमवार को मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। नैनीताल में 7.5 डिग्री, हल्द्वानी में 15.0 डिग्री पारा दर्ज किया गया। लोहाघाट में रात का तापमान 1.0 डिग्री पहुंचने लगा है।