विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

Published: Wed, 13 May 2026 06:30 AM (IST)

Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदला है, जहां कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहा। सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहे और पहाड़ से लेकर मैदान तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।

खासकर पर्वतीय जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के दौर हुए, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है।

हालांकि, शाम के समय देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी, तीव्र बौछार और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही घने बादल मंडराते रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही। दोपहर में कहीं-कहीं तेज बौछारें भी पड़ीं।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिनभर बादलों के बीच हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की गई। साथ ही तेज हवाओं और गर्जन वाले बादलों का प्रभाव देखने को मिला।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले 24 घंटे तक मौसम अस्थिर बना रहेगा।

बुधवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, शेष पर्वतीय जिलों और मैदानी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी तेज हवाएं, बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की आशंका है।

15 मई से एक और विक्षोभ सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में देखा जा रहा है।

इसके अलावा 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना है।

उधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में सप्ताह के अंत तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनती दिख रही हैं।

  • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
  • देहरादून, 31.4, 21.5
  • ऊधमसिंह नगर, 33.1, 23.6
  • मुक्तेश्वर, 23.4, 11.5
  • नई टिहरी, 23.8, 13.2

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्रशासन सतर्क

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बादलों का डेरा, अगले दो दिन भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी