विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी के बाद ओलावृष्टि की चेतावनी, इन जिलों में खराब रहेगा मौसम; पढ़िए ताजा अपडेट

Published: Wed, 21 Feb 2024 07:34 AM (IST)

Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम बदलने लगा है। लगातार हो रही बर्फबारी से प्रदेश की पहाड़ियां सफेद हो गई हैं। ...और पढ़ें

बागेश्वर जिले के अंतर्गत कपकोट के धाकुड़ी में हुआ हिमपात
बागेश्वर जिले के अंतर्गत कपकोट के धाकुड़ी में हुआ हिमपात

HighLights

  1. उत्तराखंड में आज बदलेगा मौस
  2. बारिश और बर्फबारी के बीच ओलावृष्टि का अलर्ट

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार मौसम बदल रहा है। चोटियों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं भारी बर्फबारी के चलते अब कई मार्ग भी अवरुद्ध हैं।उत्तराखंड में दो दिन से आसमान में छाए घने बादल मंगलवार को छंटने लगे।

मैदानी क्षेत्रों में दिन में चटख धूप खिली, हालांकि दोपहर बाद कहीं-कहीं बादल फिर मंडराने लगे। वहीं, चोटियों पर दो दिन हुई भारी बर्फबारी से पहाड़ियां लकदक हो गईं। जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की गई। कई जगह तापमान माइनस में पहुंच गया है।

ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में अगले दो दिन मौसम के करवट बदले रहने के आसार हैं। चोटियों पर हिमपात का क्रम जारी रह सकता है। वहीं, निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दून में सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल मंडराने लगे। उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं चोटियों पर हिमपात भी हुआ।

बारिश और बर्फबारी का क्रम रहा जारी

सोमवार रात को दून समेत आसपास के क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। जबकि, चोटियों पर भी देर रात तक हिमपात का क्रम बना रहा। प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी के बावजूद ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

इन जिलों में हिमपात और ओलावृष्टि

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। जबकि, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार हैं। कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में उत्साह के बीच आफत बनी बर्फबारी, बदरीनाथ-गंगोत्री हाईवे समेत कई मार्ग अवरुद्ध; इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप