विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, देहरादून में आज बंद रहेंगे सभी स्कूल

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
Published: Tue, 08 Aug 2023 08:10 AM (IST)

Uttarakhand Weather उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते एक बार फिर से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ...और पढ़ें

भारी बारिश से नदी-नालों में उफान, दहशत में जान; गरज-चमक के साथ वर्षा का येलो अलर्ट जारी
भारी बारिश से नदी-नालों में उफान, दहशत में जान; गरज-चमक के साथ वर्षा का येलो अलर्ट जारी

HighLights

  1. उत्तराखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
  2. देहरादून में आज बंद रहेंगे सभी स्कूल
  3. पहाड़ों पर भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं

देहरादून, जागरण डिजिटल डेस्क। उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। एक बार फिर से पहाड़ों पर बारिश से आफत आ गई है। बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। दून समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा का क्रम बना हुआ है। सोमवार को देर रात कई इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन आने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को भी देहरादून, पौड़ी और टिहरी में कहीं-कहीं भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने उक्त जिलों में सतर्क रहने की अपील की है।

सोमवार को हुई भारी बारिश

दून में दिनभर बादलों की आंख मिचौनी के बाद देर शाम कई क्षेत्रों में मेघ आफत बनकर बरसे। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण दून के नदी-नालों में उफान आ गया। सहस्रधारा रोड पर आइटी पार्क के रपटे में भारी मात्रा में पानी आने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। बिजलीघर के बाहर खड़ी एसडीओ की कार रपटे में बह गई। अन्य वाहन सवारों ने जैसे-तैसे रपटे से दूर भागकर खुद को बचाया। भारी वर्षा से विद्युत पोल बह गए और पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई।

टपकेश्वर महादेव मंदिर में घुसा पानी

उधर, तमसा नदी उफान पर आने से टपकेश्वर महादेव मंदिर में पानी घुस गया। अन्य कई क्षेत्रों में वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर देहरादून नगर निगम क्षेत्र में एक से 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी के निर्देश हैं। इसके अलावा रायपुर ब्लाक के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।