Uttarakhand Weather: देहरादून-चंपावत व बागेश्वर सहित कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी
Uttarakhand Weather: मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Uttarakhand Weather: बारिश के बीच से गुजरता बाइक सवार।
HighLights
उत्तराखंड में अगले दो-तीन दिन मानसून रहेगा सक्रिय
देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मैदानी इलाकों में जलभराव, पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तराखंंड में मानसून अगले दो दिन और तीखे तेवर दिखा सकता है। मैदानी इलाकों में वर्षा के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाओं से दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
आज इन जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को मौसम और ज्यादा सक्रिय रह सकता है। उत्तराखंंड के देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका भी जताई गई है।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
भारी बारिश के चलते ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। दून में पारा करीब चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। साथ ही वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ सहित 40 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बरसात
लोगों से अलर्ट रहने की अपील
देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज वर्षा के दौर हो सकते हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
