Uttarakhand Weather: देहरादून में तेज बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित, सड़कें और चौक-चौराहे जलमग्न, देखें वीडियो
Uttarakhand Weather News देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ। आज शाम को हुई मूसलाधार वर्षा से दून की सड़कें और चौक-चौराहे जलमग्न हो गए। गुरुवार को भी तेज बारिश के आसार हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में मानसून की वर्षा ने फिर जोर पकड़ लिया है। खासकर देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित है।
देहरादून। तेज वर्षा के चलते चोयल चंद्रबनी में मुख्य मार्ग पर पानी आने से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पानी के बीच गुजरने के दौरान भैंस का बछड़ा बह गया। #UttarakhandWeather, #UttarakhandNews, #DehradunWeather, pic.twitter.com/FfBENutKrL
— Sunil Negi (@negi0010) September 21, 2022
जलभराव से आवाजाही में दिक्कतें
दून में सड़कों और चौराहों पर जलभराव से आवाजाही में दिक्कतें पेश आईं। जबकि, रायपुर स्थित स्टेडियम में होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट प्रतियोगिता का मुकाबला भी रद हो गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बनी हुई दुश्वारियां
उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में भी वर्षा के कारण दुश्वारियां बनी हुई हैं। कई प्रमुख मार्गों पर भूस्खलन के चलते आवाजाही बार-बार बाधित हो रही है। जिससे चारधाम यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है।
कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश
बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही बादलों और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारों का दौर शुरू हुआ।
- दून में शाम को करीब साढ़े तीन बजे झमाझम वर्षा शुरू हुई जो कि देर रात तक जारी रही। इससे शहर के तमाम चौक-चौराहे जलमग्न हो गए।
- नदी-नालों के उफान पर आने से किनारे बसे लोग भी खतरे की जद में आ गए।
- चंद्रबनी चोयला में बरसाती नाले का पानी सड़कों पर आने से आवाजाही ठप हो गई।
सुनगर व गंगनानी में फंसे करीब डेढ़ हजार तीर्थयात्री
उधर, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में कई स्थानों पर भूस्खलन से मार्ग बाधित हुए। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच भारी भूस्खलन होने से कई घंटे अवरुद्ध रहा। इस दौरान सुनगर व गंगनानी में फंसे करीब डेढ़ हजार तीर्थयात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला हाईवे रहा बाधित
भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला जोशीमठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग सलधार के पास कई बार बाधित होता रहा। गौरीकुंड हाईवे भी फाटा के पास घंटों बंद रहा। इसके अलावा कुमाऊं में भी सीमांत क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
गुरुवार को भी भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम का मिजाज गुरुवार भी बदला रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बन रहे हैं। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जबकि, कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
Fresh Snowfall : केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर सीजन की दूसरी बर्फबारी, तस्वीरें मोह लेंगी आपका मन