उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में छाया कोहरा
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है।

दिन में धूप से राहत है, पर सुबह-शाम ठंड बढ़ रही है और मैदानी इलाकों में कोहरा छाने लगा है।
HighLights
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क, दिन में खिली चटख धूप।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली में हल्की बारिश, बर्फबारी की संभावना।
सुबह-शाम ठंड बढ़ी, मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक दिनभर चटख धूप खिल रही है, जिससे नवंबर में भी दिन के तापमान में अपेक्षित गिरावट दर्ज नहीं हो रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले तीन दिन तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना कम है और ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ रहने के आसार हैं।
दिन में तेज धूप के कारण लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम तापमान में गिरावट से सर्दी का अहसास बढ़ रहा है। वहीं, पहाड़ों में पाला और मैदानों में कोहरे के कारण सुबह आवागमन करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।