विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather: नवंबर में अप्रैल जैसी गर्मी, देहरादून में 10 साल के टूटे रिकॉर्ड

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:26 AM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2026 09:40 AM (IST)

नवंबर में उत्तराखंड, खासकर देहरादून में असामान्य रूप से अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। देहरादून में अधिकतम तापमान ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। नवंबर में मौसम का मिजाज इस बार बिल्कुल उलट नजर आ रहा है। आमतौर पर इस महीने तापमान में गिरावट के साथ सर्दी बढ़ने लगती है, लेकिन उत्तराखंड में इन दिनों चटख धूप और बढ़ते पारे ने गर्मी का अहसास करा दिया है।

देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिल रही है। इसका असर यह है कि दोपहर में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही है और लोग सर्दियों की जगह गर्मी से बेहाल हैं।दून में अधिकतम तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

मंगलवार को देहरादून में अधिकतम तापमान ने नवंबर का एक दशक पुराना रिकॉर्ड छू लिया है। नवंबर में दून का अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दो नवंबर 2016 को 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मंगलवार 10 नवंबर 2026 को भी अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। खास बात यह है कि इससे पहले नवंबर में देहरादून का अधिकतम तापमान कभी 31 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं पहुंचा था।

वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में ट्रफ के रूप में मौजूद है, लेकिन इसका प्रभाव उत्तराखंड पर सीमित है। वहीं, राजस्थान के आसपास चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर प्रदेश से तटीय आंध्र प्रदेश तक फैला ट्रफ भी प्रदेश में व्यापक बादल और वर्षा की परिस्थितियां नहीं बना रहा है।

आसमान साफ रहने से सूर्य की किरणें सीधे धरातल तक पहुंच रही हैं, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। नवंबर में तापमान का यह असामान्य स्तर मौसम के बदलते मिजाज की ओर संकेत कर रहा है। आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तपिश बने रहने के आसार हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।