Uttarakhand Weather : बदरीनाथ हाईवे बंद, ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के करीब
Uttarakhand Weather मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में भारी वर्षा से कुछ राहत मिल सकती है। रविवार को देहरादून (Dehradun Weather) में मौसम खराब बना हुआ है। तड़के से हल्की बूंदाबांदी जारी है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (Gangotri Highway) बंद पड़ा है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather : मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन प्रदेश में कहीं- कहीं हल्की बौछार पड़ने की संभावना है। वहीं रविवार को देहरादून (Dehradun Weather) में मौसम खराब बना हुआ है। तड़के से हल्की बूंदाबांदी जारी है।
बदरीनाथ हाईवे (Badrinath Highway) बेनाकुली में बंद
चमोली में रविवार की सुबह बारिश थम गई। यहां बदरीनाथ हाईवे (Badrinath Highway) बेनाकुली में बंद हो गया है। चमोली में देर रात हुई भारी बारिश के चलते कर्णप्रयाग के किमोली गांव में भारी क्षति पहुंची है। यहां एक गोशाला मलबे की चपेट में आ गयी, जिसमें ग्रामीण सूरवीर सिंह के तीन मवेशियों की मौत हो गयी।
मसूरी में भी रातभर बारिश हुई। यहां अभी बादल छाए हैं। मसूरी मार्ग पर यातायात सुचारू है। पछवा दून में भी बादल छाए हुए हैं। पौड़ी में रुक रुक कर हल्की बारिश हो रही है, यहां सभी मुख्य मार्ग खुले हैं। (Uttarakhand News)
ऋषिकेश-उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार रात को वर्षा हुई। यहां रविवार की सुबह भी हल्की वर्षा जारी रही। भूसखलन होने से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (Gangotri Highway) नेताला और बंदरकोट के पास अवरुद्ध हो गया था। जिसे बााद में सुचारू कर दिया गया। ऋषिकेश-उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग नगुण चिन्यालीसौड़ के पास मलबा आने के कारण बाधित है।
ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के करीब
ऋषिकेश आसपास क्षेत्र में बीती रात को मूसलधार वर्षा हुई। यहां सुबह से घने बादल छाए हैं, बारिश की संभावना बनी हुई है। ऋषिकेश में गंगा के जलस्तर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है।
यहां चेतावनी रेखा 339.500 मीटर पर है। जबकि गंगा 338.600 मीटर पर बह रही है। यहां गंगा चेतावनी रेखा से 90 सेंटीमीटर नीचे है।
मूसलाधार वर्षों से ऋषिकेश के कई इलाकों में जलभराव
तीर्थनगरी क्षेत्र में शनिवार की मध्यरात्रि मूसलधार बारिश शुरू हुई जो रविवार अल सुबह करीब 3:00 बजे तक होती रही। जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। ऋषिकेश के गंगानगर हनुमंत पुरम कालोनी में करीब 30 घरों में एक फीट तक पानी भर गया।
मुनिकीरेती के पार्किंग और जीएमवीएन गेस्ट हाउस गंगा रिजार्ट परिसर में गंगा नदी का पानी घुस गया है। ग्रामीण क्षेत्र में भी कुछ मकानों में दरार आई और जलभराव हुआ है। वहीं चंद्रभागा में जलस्तर बढ़ने के कारण टापू पर फंसे गोवंश को एसडीआरएफ के जवानों ने बचाया।
कर्णप्रयाग ग्वालदम मोटर मार्ग कई जगहों पर बंद
चमोली जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कर्णप्रयाग ग्वालदम मोटर मार्ग कई जगहों पर बंद हो गया है। चमोली जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
कर्णप्रयाग ग्वालदम मोटर मार्ग कई जगहों पर बंद हो गया है। नगर पालिका क्षेत्र कर्णप्रयाग में जहां कई आवासीय मकान खतरे की जद में आ गए हैं। वहीं तीन कार भी मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
देर रात बारिश के दौरान लोगों के घरों में मलबा घुसने के बाद लोग दहशत में आगे पुलिस और प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों ने अवगत कराते हुए बताया कि नगर में जगह-जगह लोगों के घरों में मलबा घुस रहा है। इसके समाधान के लिए एहतियातन कोई कार्यवाही करनी होगी ताकि लोगों को नुकसान से बचाया जा सके।
रविवार से तीन दिन वर्षा में आ सकती है कमी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, रविवार से तीन दिन प्रदेश में वर्षा (Uttarakhand Rains) में कमी आ सकती है। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में धूप खिलने के साथ आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।