Uttarakhand Weather : अगले तीन दिन प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार, चेतावनी जारी
Uttarakhand Weather मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन तक भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं सात अक्टूबर को बहुत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट है। बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में मानसून के विदा होने को है, लेकिन इससे पहले वह एक बार दोबारा कहर बरपा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान इस ओर इशारा कर रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन छह से आठ अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं सात अक्टूबर को बहुत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट है। इस दौरान कुछ दिन पर्वतारोहण न करने की सलाह दी गई है। नदी-नालों के उफान पर आने और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की चेतावनी दी गई है।
छह से आठ अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज और तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बौछार पड़ सकती हैं। छह से आठ अक्टूबर तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें : Avalanche in Uttarkashi: पहले भी उत्तराखंड में कहर मचा चुके हैं बर्फीले तूफान, गई हैं कई पर्वतारोहियों की जान
खासकर कुमाऊं में अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान नदी-नालों में बाढ़ के हालात, मैदानों में जलभराव होने की आशंका है। पर्वतीय क्षेत्रों में चट्टान खिसकने के साथ भूस्खलन हो सकता है। हिमाच्छादित क्षेत्रों में भी हिमस्खलन हो सकता है। ऐसे में पर्वतारोहण न करने की सलाह दी गई है।
साहिया-क्वानू मोटर मार्ग धंसा
चकराता में साहिया-क्वानू मोटर मार्ग किलोमीटर एक पर पूरी तरह धंस गया है। जिससे आवागमन में वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। 25 सितंबर की रात को अमलावा नदी काफी उफान पर रही। जिससे साहिया-क्वानू मोटर मार्ग का अमलावा नदी किनारे का हिस्सा धंस गया और सड़क टूटकर नदी में बह गई। इस कारण आवागमन में ग्रामीणों को दिक्कतें आ रही है।
वाहन को गुजारते समय सड़क के और धंसने का खतरा बना हुआ है। उधर, लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियन्ता प्रत्युष कुमार ने कहा कि साहिया-क्वानू मोटर मार्ग के दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त हुए हिस्से को बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही मार्ग की हालत सुधारी जाएगी।