विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 माह से नहीं मिला वेतन: ISBT में उत्तराखंड रोडवेज के कर्मचारियों का धरना, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:21 PM (IST)

उत्तराखंड रोडवेज के ग्रामीण डिपो कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में देहरादून के आइएसबीटी स्थित सहायक महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना दिया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. दो माह से वेतन न मिलने पर रोडवेज कर्मचारियों का धरना।

  2. देहरादून आइएसबीटी पर सहायक महाप्रबंधक कार्यालय के सामने प्रदर्शन।

  3. तत्काल वेतन भुगतान और नियमित वेतन नीति की मांग।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज के कर्मचारियों को दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में ग्रामीण डिपो के कर्मचारियों ने आइएसबीटी देहरादून स्थित सहायक महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना दिया। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन देहरादून मंडल के बैनर तले आयोजित धरने में करीब 145 कर्मचारियों ने भाग लिया।

यूनियन के अध्यक्ष संजीव सिसोदिया और शाखा मंत्री हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी पर आक्रोश जताया। कर्मचारियों का कहना था कि दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने में सौरभ चौधरी, नवाब राणा, प्रवीण कुमार, योगेश जावला, धर्मेंद्र राठी, नरेश कुमार, लाखन सिंह, ज्ञानदास, अंकित सैनी, विकास सैनी, मांगे राम, रचित कुमार, अमित शर्मा, ललता सिंह, सुमित, जुल्फकार, राजू राणा, रविंद्र सिंह, मोहत कुमार और सुगनवीर समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

सात तारीख तक वेतन देने की मांग

धरने के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रबंधन के समक्ष पिछले दो माह के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान करने और भविष्य में प्रत्येक माह की सात तारीख तक कर्मचारियों को वेतन देने की मांग रखी। साथ ही कर्मचारियों की आर्थिक परेशानी का कारण बन रही अनियमित वेतन व्यवस्था को रोकने के लिए निगम प्रबंधन से ठोस नीति बनाने की मांग की गई।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अब नहीं होगी बस में सीट की किल्लत, घर बैठे ही बुक होगा पहाड़ का सफर, ये रही 12 रूटों की पूरी लिस्ट

यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो आंदोलन को प्रांतीय स्तर तक ले जाया जाएगा। धरने के बाद संगठन ने प्रबंधन के प्रतिनिधियों से वार्ता भी की और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई।