उत्तराखंड में सड़क हादसों का बढ़ता ग्राफ, पांच साल में 51 प्रतिशत बढ़ी मृतकों की संख्या
उत्तराखंड में पिछले पांच सालों में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। ...और पढ़ें

हादसे की फाइल फोटो।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड की पहाड़ी और सर्पीली सड़कों पर सफर लगातार जोखिमभरा होता जा रहा है। सड़क सुरक्षा के तमाम प्रयासों के बावजूद हादसों और उनमें जान गंवाने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते पांच वर्षों में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या 51.46 प्रतिशत बढ़ गई है।
वर्ष 2021 में सड़क हादसों में 820 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 1242 पहुंच गया। इसी अवधि में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी करीब 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट में सामने आए ये आंकड़े प्रदेश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
मंत्रालय और राज्य परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में प्रदेश में 1405 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। वर्ष 2022 में यह संख्या बढ़कर 1674, वर्ष 2023 में 1691, वर्ष 2024 में 1747 और वर्ष 2025 में 1846 हो गई। यानी पांच वर्षों में दुर्घटनाओं की संख्या में 441 की वृद्धि हुई है। वहीं, मृतकों की संख्या भी हर वर्ष बढ़ती गई। वर्ष 2022 में 1042, वर्ष 2023 में 1054 और वर्ष 2024 में 1090 लोगों की जान सड़क हादसों में गई।
नौ माह में 953 लोगों की गई जान
वर्ष 2026 में भी सड़क हादसों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से सितंबर तक प्रदेश में 1420 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 953 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 1590 लोग घायल हुए। लगातार बढ़ते इन आंकड़ों के बीच दुर्घटना संभावित स्थलों का सुधार, सड़कों की तकनीकी खामियों को दूर करना, यातायात नियमों का सख्ती से पालन और ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण बड़ी चुनौती बना हुआ है।