उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की नई क्रांति, गढ़वाल-कुमाऊं के मंदिरों का कायाकल्प
उत्तराखंड सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के मंदिरों को एकीकृत कर रही है। ...और पढ़ें

HighLights
गढ़वाल-कुमाऊं के मंदिरों को जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा।
'मानसखंड मंदिर माला मिशन' से कुमाऊं के मंदिर विकसित।
'हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर' से वैश्विक पहचान।
डिजिटल डेस्क, देहरादून/हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को एक नया आयाम देने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं अब धरातल पर स्पष्ट रूप से नजर आने लगी हैं। एक ओर जहां गढ़वाल मंडल में 'हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर' को विश्वस्तरीय स्वरूप देने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुमाऊं मंडल के पौराणिक व ऐतिहासिक मंदिरों को सहेजने के लिए शुरू किया गया 'मानसखंड मंदिर माला मिशन' अब एक सशक्त और नए पर्यटन सर्किट के रूप में उभर रहा है। इस समग्र विकास मॉडल से न केवल राज्य में तीर्थयात्रियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है, बल्कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।
अब तक उत्तराखंड आने वाले अधिकांश श्रद्धालुओं की यात्रा केवल गढ़वाल मंडल स्थित चारधाम (बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री) और हरिद्वार-ऋषिकेश तक ही सीमित रहती थी। इससे गढ़वाल के यात्रा मार्गों पर अत्यधिक दबाव रहता था, जबकि कुमाऊं के प्राचीन और सिद्ध मंदिर प्रचार-प्रसार व बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अपेक्षाकृत कम श्रद्धालुओं को आकर्षित कर पाते थे। इसी असंतुलन को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 'मानसखंड मंदिर माला मिशन' की नींव रखी गई।
इस मिशन के पहले चरण में कुमाऊं क्षेत्र के 16 प्रमुख पौराणिक मंदिरों को चिह्नित कर उनके सौंदर्यीकरण, चौड़ी सड़कों, पार्किंग, यात्री विश्राम गृह और आधुनिक जनसुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इनमें अल्मोड़ा का जागेश्वर धाम, चितई गोलू देवता मंदिर, कसार देवी, बागेश्वर का बैजनाथ मंदिर, पिथौरागढ़ का पाताल भुवनेश्वर, हाट कालिका, चंपावत का पूर्णागिरि धाम, देवीधुरा का वाराही मंदिर, नैनीताल का कैंची धाम और नयना देवी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। इन मंदिरों को आपस में जोड़कर एक सुगम 'मानसखंड सर्किट' तैयार किया जा रहा है।
दूसरी ओर, हरिद्वार और ऋषिकेश को आध्यात्मिक और वेलनेस टूरिज्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए गंगा कॉरिडोर परियोजना पर कार्य चल रहा है। हर की पैड़ी से लेकर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट और मुनिकीरेती तक घाटों का विस्तार, सुगम यातायात व्यवस्था और सांस्कृतिक केंद्रों के निर्माण से श्रद्धालुओं को एक दिव्य और व्यवस्थित अनुभव मिल रहा है। सरकार की रणनीति है कि हरिद्वार-ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों को सीधे मानसखंड सर्किट से जोड़ा जाए, ताकि वे चारधाम के साथ-साथ कुमाऊं की आध्यात्मिक विरासत का भी दर्शन कर सकें।
इस महत्वाकांक्षी योजना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड संपूर्ण विश्व की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी है। हमारी सरकार का संकल्प है कि जिस प्रकार केदारखंड (गढ़वाल) के मंदिरों का भव्य पुनर्निर्माण हुआ है, उसी तर्ज पर मानसखंड (कुमाऊं) के पौराणिक मंदिरों को भी विश्व मानचित्र पर स्थापित किया जाए। हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और मानसखंड मंदिर माला मिशन के समन्वय से राज्य में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार मिलेगा और उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा।
सरकार के इस प्रयास का सीधा लाभ अब स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और युवाओं को मिलने लगा है। अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम के समीप होम-स्टे संचालित करने वाले स्थानीय निवासी भुवन चंद्र भट्ट ने कहा कि पहले जागेश्वर में केवल कुछ खास महीनों में ही श्रद्धालुओं की भीड़ दिखती थी और सड़कें संकरी होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। लेकिन मानसखंड मिशन के तहत सड़कों के चौड़ीकरण और पार्किंग व यात्री सुविधाओं के बनने से अब पूरे साल पर्यटक आ रहे हैं। इससे हमारे होम-स्टे और स्थानीय उत्पादों की बिक्री में दोगुना इजाफा हुआ है।
वहीं, ऋषिकेश में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्थानीय युवा दीपक नेगी ने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर के कार्यों से शहर की तस्वीर बदल रही है। अब यहां आने वाले पर्यटकों को मानसखंड सर्किट के बारे में भी जानकारी मिल रही है, जिससे वे अपनी यात्रा के दिन बढ़ा रहे हैं। गढ़वाल और कुमाऊं के मंदिरों के आपस में जुड़ने से टैक्सी चालकों, गाइडों और होटल उद्योग को नया जीवन मिला है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हरिद्वार-ऋषिकेश और मानसखंड सर्किट का यह एकीकरण उत्तराखंड के पर्यटन इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। बेहतर सड़क संपर्क, रेल विस्तार और हेली सेवाओं के जुड़ने से आने वाले वर्षों में कुमाऊं की वादियों में आस्था और आर्थिक समृद्धि की एक नई बयार बहनी तय है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।