Uttarakhand Politics : कांग्रेस की 190 ब्लाक इकाइयों पर हाईकमान लगाएगा मुहर
Uttarakhand Politics युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए फ्रंटल संगठनों में भी परिवर्तन देखने को मिलेगा। 190 ब्लाक इकाइयों के गठन का काम पूरा हो चुका है। पार्टी हाईकमान की स्वीकृति मिलते ही इन इकाइयों की घोषणा कर दी जाएगी।
राज्य ब्यूरो, देहरादून : Uttarakhand Politics : प्रदेश में कांग्रेस संगठन की ठोस नींव जल्द आकार लेने जा रही है। 190 ब्लाक इकाइयों के गठन का काम पूरा हो चुका है। पार्टी हाईकमान की स्वीकृति मिलते ही इन इकाइयों की घोषणा कर दी जाएगी। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए फ्रंटल संगठनों में भी परिवर्तन देखने को मिलेगा।
कांग्रेस प्रदेश में नए सिरे से संगठन को मजबूत करने में ताकत झोंक रही है। संगठन में निचले स्तर पर सबसे सशक्त इकाई के रूप में ब्लाक कांग्रेस कमेटी गठित की जा रही हैं। पार्टी के सांगठनिक ब्लाकों की संख्या 225 है। सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रयास यह किया गया है कि ब्लाक स्तर पर संगठन को सक्रिय किया गया।
इसे ध्यान में रखकर ही सक्रिय कार्यकर्त्ताओं को ब्लाक इकाइयों में स्थान मिला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी इन नई इकाइयों को लेकर खासी उत्साहित है। आने वाले निकाय, सहकारिता और पंचायत चुनाव में इनकी प्रभावी भूमिका रहने वाली है। अभी तक लगभग 190 ब्लाक इकाइयों का गठन किया जा चुका है।
युवाओं और महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि इन ब्लाक इकाइयों के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को सूचना भेजी जा चुकी है। हाईकमान की स्वीकृति मिलते ही इन इकाइयों को घोषित किया जाएगा। नए ब्लाक अध्यक्ष अपना कार्य प्रारंभ कर देंगे। महानगरों में भी वार्ड स्तर तक नई इकाइयां गठित की जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 225 सदस्यों का चयन भी हो चुका है। यह सूची भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजी जा चुकी है। पार्टी के उदयपुर नव संकल्प शिविर में लिए गए निर्णय के अनुसार युवाओं और महिलाओं की संगठन में भागीदारी बढ़ाई जा रही है। सभी फ्रंटल संगठनों को चुस्त-दुरुस्त किया जा रहा है। इनमें परिवर्तन दिखाई देगा।
प्रदेश महामंत्रियों को जिलों का प्रभार
प्रदेश संगठन के मुखिया माहरा के अनुसार इस बार संगठन में आंतरिक समन्वय को बेहतर बनाने के लिए नई पहल दिखाई पड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस महामंत्रियों और उपाध्यक्षों को जिलों और आनुषंगिक संगठनों का प्रभार भी सौंपा जाएगा। विधायकों को जिलाध्यक्षों का जिम्मा देने पर विचार चल रहा है।
जिला इकाइयों में विधायकों की सक्रियता बढ़ाई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की आंशिक सूची इसी माह के अंतिम सप्ताह में पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। दूसरे चरण में सूची अगले माह सितंबर में भेजी जाएगी। सितंबर में नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा।