उत्तराखंड: पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल व भीमलाल ने दिल्ली में थामा कांग्रेस का हाथ
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार करते हुए तीन पूर्व विधायकों सहित छह नेताओं को दिल्ली में पार्टी में शामिल किया।

दिल्ली में कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी व सांसद कुमार सैलजा के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक एवं अन्य नेताओं के साथ प्रदेश शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सत्ताधारी दल भाजपा पर पलटवार करे हुए तीन पूर्व विधायकों समेत छह नेताओं को अपने पाले में खींच लिया। इन सभी ने दिल्ली में कांग्रेस का दामन थामा। बताया जा रहा है कि जो पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हुए, वे भाजपा से नाराज बताए जा रहे थे और कुछ दिनों से कांग्रेस नेताओं के संपर्क में थे।
शनिवार को दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल होने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता व जिला नैनीताल के वरिष्ठ नेता लाखन सिंह नेगी प्रमुख हैं।
इस मौके पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि कि प्रदेश में व्याप्त आकंठ भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा, बढ़ती बेरोजगारी व आपराधिक घटनाएं, अवैध खनन समेत तमाम मोर्चों पर फेल भाजपा सरकार से निराश जनता अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
जिससे कांग्रेस की वापसी तय है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा के अनेक बड़े चेहरे भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होंगे। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डा हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा आदि मौजूद रहे।
