उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- KG बेसिन को घोटाला बताने वाले जयराम रमेश जनता को गुमराह कर रहे हैं
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कांग्रेस और जयराम रमेश पर केजी बेसिन गैस भंडार को लेकर तीखा हमला बोला ...और पढ़ें

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी का कांग्रेस पर पलटवार
HighLights
उपमुख्यमंत्री संघवी ने कांग्रेस पर केजी बेसिन पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
यूपीए सरकार ने केजी बेसिन को 'दक्षिण एशिया का नॉर्थ सी' बताया था।
कांग्रेस राजनीतिक लाभ हेतु देश की ऊर्जा सुरक्षा को बदनाम कर रही है।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केजी (कृष्णा-गोदावरी) बेसिन गैस भंडार को लेकर हो रही राजनीति पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि जिस परियोजना को आज कांग्रेस 'घोटाला' बता रही है, कभी उसी की प्रशंसा उनके अपने मंत्रियों ने की थी। संघवी ने कहा कि कांग्रेस के नेता तथ्यों को मरोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
UPA सरकार ने बताया था 'दक्षिण एशिया का नॉर्थ सी'
हर्ष संघवी ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नरेंद्र भाई मोदी ने गुजरात सरकार की कंपनी GSPC द्वारा KG बेसिन में गैस के विशाल भंडार की खोज की घोषणा की थी। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय की UPA सरकार के पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर ने स्वयं इस खोज का स्वागत किया था। अय्यर ने इस उपलब्धि की तुलना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करते हुए इसे 'दक्षिण एशिया का नॉर्थ सी' तक करार दिया था।
कांग्रेस के दोहरे मापदंडों पर सवाल
उपमुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में तंज कसते हुए कहा कि जिस ब्लॉक की लीज खुद UPA सरकार ने वर्ष 2012 में दी थी, आज उसी को लेकर जयराम रमेश 'घोटाले' का राग अलाप रहे हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति का प्रमाण बताया। संघवी के अनुसार, राजनीतिक लाभ के लिए देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है।
देश की ऊर्जा सुरक्षा का आधार बना KG बेसिन
वर्तमान वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए हर्ष संघवी ने कहा कि आज जब दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध की स्थिति है, तब भी भारत में ऊर्जा की आपूर्ति निरंतर और निर्बाध बनी हुई है। इसमें KG बेसिन से होने वाली आपूर्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अंत में जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जो कहती है, वह धरातल पर करके दिखाती है। सरकार के लिए देश की ऊर्जा सुरक्षा सर्वोपरि है और KG बेसिन इसकी सफलता का एक बड़ा प्रमाण है।
