विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Panchayat Chunav: मतगणना 31 को, तैयारी पूरी; खुलेगी 34000 उम्मीदवारों की किस्मत

Published: Wed, 30 Jul 2025 04:32 PM (IST)

उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू करेगा। 10915 पदों के ...और पढ़ें

मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से हो जाएगी शुरू। प्रतीकात्‍मक
मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से हो जाएगी शुरू। प्रतीकात्‍मक

जासं, देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 10,915 पदों के लिए मतगणना का कार्य 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। मतगणना कार्य में 15,024 कार्मिक जुटेंगे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था में 8,926 जवानों की तैनाती की गई है। पंचायत चुनाव में कुल 34,151 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिस तरह से स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान कराया गया है, उसी तरह से मतगणना का कार्य भी पूरी पारदर्शिता से कराया जाएगा। इसके लिए, सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल के अनुसार-हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों में दो चरणों में हुए मतदान का प्रतिशत 69.16 रहा है। इसमें 64.23 प्रतिशत पुरूष और 74.42 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल रहे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 24 जुलाई और 28 जुलाई को मतदान कराया गया।

आयोग के सचिव ने बताया कि मतगणना के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। मतगणना की निगरानी प्रेक्षकों एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मतगणना केंद्रों पर आवश्यक बैरिकैटिंग कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि रिटर्निंग आॅफिसर के स्तर पर चुनाव परिणाम की घोषणा हो जाने के बाद आयोग की वेबसाइट पर इन्हें प्रदर्शित किया जाएगा।

विजयी जुलूसों पर रहेगा प्रतिबंध, निर्देश जारी

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलों को भेजे लिखित निर्देश में उम्मीदवारों के समर्थन में निकलने वाले जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कहा है।

जिलों को भेजे पत्र में आयोग ने कहा है कि मतगणना स्थल पर वरिष्ठ व अनुभवी अधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया जाएगा। मतगणना केंद्र पर एक पुलिस क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष की ड्यूूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाए।