यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand News: विदेश से गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत दो गिरफ्तार
उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने विदेश से गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने विदेश से गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 16 लाख की ठगी में गिरोह के सरगना समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली लक्सर में दर्ज मुकदमे को एसटीएफ को ट्रांसफर कर दिया गया था। टीम ने आरोपितों को उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया।
फेसबुक व व्हाट्सएप पर किया संपर्क
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि लक्सर कोतवाली में दर्ज एक शिकायत में राजकुमार निवासी वार्ड नंबर-5 लक्सर को फेसबुक व व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर एक युवती ने कैथोलिक नन बताते हुए दोस्ती की।
काम से प्रभावित होकर गिफ्ट भेजने का दिया लालच
युवती ने शिकायतकर्ता के काम से प्रभावित होकर गिफ्ट (घड़ी, आइफोन 13, आइपैड, एप्पल लैपटाप, सोने की चेन व 50 हजार डालर) भेजने का लालच दिया। फिर पार्सल को इंटरनेशल एयरपोर्ट पर भिजवाना व पार्सल छुड़वाने के नाम पर भिन्न-भिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 15 लाख 71 हजार 820 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। जांच के लिए गठित एसटीएफ की टीम ने विस्तृत तकनीकी जांच के बाद संदिग्ध आरोपित का बहराइच उत्तर प्रदेश से संबंध होना पाया।
बहराइच से गिरफ्तार हुआ गिरोह का सरगना
पुलिस टीम ने साक्ष्य एकत्रित करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना शिवम तिवारी निवासी ग्राम फकरपुर बहराइच व उसके साथी रामनरेश निवासी ग्राम परसीपुरवा बहराइच को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 14 चेक बुक, छह पासबुक विभिन्न बैंकों की, छह एटीएम कार्ड एक लैपटाप व कई आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें - Pithoragarh में हुए हादसे में लापता लोगों का रेस्क्यू जारी, पहाड़ दरकने से मलबे में दफन हुई 7 जिंदगियां
विदेशी नागरिक बताकर ठगते थे पैसे
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि इंटरनेट मीडिया फेसबुक व व्हाट्सएप पर युवतियों की फर्जी प्रोफाइल तैयार कर दोस्ती करते और स्वंय को विदेशी नागरिक बताकर महंगे गिफ्ट को भेजने का लालच देकर धोखे से फंसा लेते और पैसे ऐंठ लेते।
