विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अस्पताल के बेड पर उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने खाई गोल्ज्यू देवता की कसम, बोलीं - 'मैं सच बोल रही हूं'

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:16 AM (IST)Updated: Sat, 17 Oct 2026 11:19 AM (IST)

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल साहू के गंभीर आरोपों के बीच गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर खुद को सच्चा बताया।

HighLights

  1. रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर सच बोलने का दावा किया

  2. पति गिरधारी लाल साहू से चल रहा विवाद अब सार्वजनिक हुआ

  3. दोनों ओर से गंभीर आरोप, मामला कानूनी मोड़ पर पहुंचा

जागरण संवाददाता, देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है। पति की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर कहा कि वह सच बोल रही हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों के बीच आरोपों की जंग तेज हो गई है और मामला कानूनी मोड़ ले चुका है।

अस्पताल में भर्ती उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को मीडिया से कहा कि उन्होंने पुलिस  को दी गई अपनी तहरीर में बताया है कि 'शादी से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके पति पहले से विवाहित हैं। जब उनके बच्चे हुए तब उन्हें यह पता चला। उसके बाद पारिवारिक समझाने के क्रम में कुछ बड़ी चीजें आ गईं। उन्होंने कहा कि रिंकू उनके पति के बेटे हैं। क्या दुश्मन हो चुके हैं क्या नहीं? इस बात की जानकारी वह ज्यादा रखते हैं। मेरे पति ऑडियो में ऐसा बोल रहे हैं, जबकि मेरा उनसे ऐसा कोई संवाद नहीं रहता है। मुझे ध्यान नहीं कि मैंने कभी ऐसा कहा है। मैं अपने ईष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की कसम खाती हूं कि जो ऑडियो मैंने प्ले किया सौ प्रतिशत सच है। उसमें कोई बनावट और मिलावट नहीं है। वह एआई से बना वीडियो नहीं है। उसमें पूरी तरह सत्यता है।'

रेखा आर्या ने इससे पहले पति पर उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस संबंध में देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। इसके बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर मंत्री पर पलटवार किया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति की जांच कराने की मांग की।

पति ने उठाए संपत्ति पर सवाल

गिरधारी लाल साहू ने मंत्री की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री से जांच कराने की मांग की। उन्होंने मंत्री की ओर से साझा किए गए कथित आडियो को भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार बताया।