Move to Jagran APP

Uttarakhand Khel Ratna: लक्ष्य सेन व चंदन सिंह को खेल रत्न, सुरेश चंद्र पांडे को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

Uttarakhand Khel Ratna खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2019-20 2020-21 व 2021-22 के खेल पुरस्कार प्रदान किए। खेल रत्न पुरस्कार लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के विजेताओं को पांच-पांच लाख रुपये देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के विजेताओं को तीन-तीन लाख रुपये दिए गए।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraFri, 24 Mar 2023 12:09 PM (IST)
Uttarakhand Khel Ratna: लक्ष्य सेन व चंदन सिंह को खेल रत्न, सुरेश चंद्र पांडे को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
Uttarakhand Khel Ratna: मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी करेंगे सम्‍मान

टीम जागरण, देहरादून: Uttarakhand Khel Ratna: खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2019-20, 2020-21 व 2021-22 के खेल पुरस्कार प्रदान किए। वर्ष 2019-20 के लिए लक्ष्य सेन और 2020-21 चंदन सिंह को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 2019-20 के लिए धीरेंद्र कुमार सेन, वर्ष 2020-21 के लिए कमलेश कुमार तिवारी और वर्ष 2021-22 के लिए संदीप कुमार डुकलान को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2021-22 के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड सुरेश चंद्र पांडे को दिया गया। लक्ष्य सेन की गैरमौजूदगी में उनके स्वजन ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

परेड ग्राउंड स्थित नए बहुउद्देश्यीय हाल में खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। प्रशिक्षकों को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए तीन लाख रुपये और लाइफटाइम अवार्ड के लिए पांच लाख रुपये का चेक दिया गया।

इसके अलावा वर्ष 2021 व 2022 के राष्ट्रीय स्तर के 168 पदक विजेताओं व 42 प्रशिक्षकों को खेल नीति के तहत धनराशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या भी मौजूद रही।

नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। हमारी सरकार कोई भी नीति बनाने से पूर्व उसके हर पहलुओं पर मंथन करती है।

इसके बाद उसे धरातल पर उतारती है। नई खेल नीति से खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बोलते कम हैं और काम ज्यादा करते हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 में उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रीय खेलों की तैयारी में जुटी है।

खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग व पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलता है तो उसके साथ पूरे देश की भावना जुड़ी होती है।

कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को हर स्तर पर बढ़ावा दे रही है। हमारी सरकार ने खेल कोटे को पुन: शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में खेल कोटे के तहत नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब हम अपना लक्ष्य निर्धारित करते हैं और उस पर आगे बढ़ते हैं, तो सफलता अवश्य मिलती है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले एक साल में खेल के क्षेत्र में अनेक निर्णय लिए हैं। खेल नीति में खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा के साथ पारंपरिक खेलों को भी खेल नीति में जोड़ा है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में वर्ष 2024 में उत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा।

बजट पड़ा कम, कुछ खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को नहीं मिले चेक

खेल विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को खेल नीति के तहत धनराशि वितरित की जानी थी, लेकिन बजट कम पड़ गया। जिस कारण कुछ खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को चेक नहीं मिल पाए। संयुक्त निदेशक खेल एसके सार्की ने बताया कि इस वर्ष नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को धनराशि आवंटित की गई है।

जबकि बजट पूर्व में जारी हो गया था। इसके चलते कुछ खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को शुक्रवार को धनराशि के चेक नहीं दिए गए। बजट जारी होने के बाद चेक या डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों के खाते में धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।