विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में वर्षा का प्रकोप: देहरादून समेत 3 जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट

Published: Mon, 20 Jul 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, देहरादून समेत तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. देहरादून सहित तीन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

  2. नदियां उफान पर, भूस्खलन से सड़कें बाधित, जनजीवन प्रभावित

  3. स्कूलों में अवकाश घोषित, कैलाश यात्रा मार्ग भी अवरुद्ध

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जबकि कई स्थानों पर भूस्खलन और जलभराव से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।

राजधानी देहरादून में रविवार को हुई भारी बारिश से अधिकांश सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। रिस्पना और बिंदाल नदियों के उफान पर आने से कई स्थानों पर भू-कटाव हुआ और नदी किनारे स्थित मकानों को नुकसान पहुंचा।

कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आज भी मौसम विभाग ने देहरादून समेत तीन जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

भारी बारिश से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन स्थानों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा।

वहीं, कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग लगातार 36 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है। मार्ग बंद होने के कारण यात्रा दलों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मार्ग खोलने में जुटा है।

देहरादून में बारिश के चलते एक कच्चा मकान ध्वस्त हो गया। वहीं, बिंदाल नदी के उफान के कारण कई घरों में पानी घुस गया। बिजली के पोल और पुश्तों को भी नुकसान पहुंचा है।

मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विभिन्न शहरों का तापमान

  • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
  • देहरादून, 30.1, 24.0
  • ऊधमसिंह नगर, 28.2, 25.6
  • मुक्तेश्वर, 19.4, 16.8
  • नई टिहरी, 23.9, 17.2

यह भी पढ़ें- देहरादून एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन मौसम की मार: कम दृश्यता के चलते 4 उड़ानें दिल्ली डायवर्ट

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मौसम का रेड अलर्ट: भारी बारिश के चलते देहरादून और हरिद्वार समेत 10 जिलों में बंद रहेंगे स्कूल