Move to Jagran APP

Uttarakhand Forest Fire: जंगल की आग फ‍िर विकराल, 24 घंटे के भीतर 13 नई घटनाएं; अल्‍मोड़ा में एक की झुलस कर मौत

Uttarakhand Forest Fire उत्तराखंड में जंगल की आग फिर विकराल हो गई है। फायर सीजन में कुल 1086 घटनाओं में 1467 हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है। अल्मोड़ा वन प्रभाग की सोमेश्वर रेंज में आग से झुलसकर एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। इसके साथ ही इस बार जंगल की आग से छह मौत हो चुकी हैं और चार व्यक्ति घायल हुए हैं।

By Vijay joshi Edited By: Nirmala Bohra Sat, 18 May 2024 08:08 AM (IST)
Uttarakhand Forest Fire: जंगल की आग फ‍िर विकराल, 24 घंटे के भीतर 13 नई घटनाएं; अल्‍मोड़ा में एक की झुलस कर मौत
Uttarakhand Forest Fire: फायर सीजन में अब तक 1086 घटनाओं में 1467 हेक्टेयर वन क्षेत्र को नुकसान

जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Forest Fire: उत्तराखंड में जंगल की आग फिर विकराल हो गई है। शुक्रवार को 24 घंटे के भीतर 13 नई घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें कुल 16 हेक्टेयर जंगल को नुकसान पहुंचा। इस दौरान अल्मोड़ा वन प्रभाग की सोमेश्वर रेंज में आग से झुलसकर एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। इसके साथ ही इस बार जंगल की आग से छह मौत हो चुकी हैं और चार व्यक्ति घायल हुए हैं।

फायर सीजन में कुल 1086 घटनाओं में 1467 हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है। मौसम शुष्क और भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के जंगलों की आग तेजी से भड़कने लगी है। बीते दो दिन में 20 घटनाओं में 24 हेक्टयर वन क्षेत्र जल चुका है। शुक्रवार को मसूरी वन प्रभाग में पांच घटनाएं, लैंसडौन वन प्रभाग में तीन, रामनगर वन प्रभाग में एक और कार्बेट टाइगर रिजर्व में एक घटना हुई। वन कर्मी आग को बुझाने में जुटे हैं।

शरारती तत्व भी लगातार बढ़ा रहे मुश्किलें

शुष्क मौसम के साथ ही शरारती तत्व भी लगातार वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा रहे थे। अब तक इस सीजन में जंगल में आग लगाने पर वन संरक्षण अधिनियम और वन अपराध के तहत 422 मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। वहीं, वन विभाग की ओर से मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

साथ ही जंगल की आग की सूचना देने के लिए नंबर भी जारी किए गए हैं। 18001804141, 01352744558 पर काल कर सकते हैं। साथ ही 9389337488 व 7668304788 पर वाट्सएप के माध्यम से भी सूचित कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य आपदा कंट्रोल रूम देहरादून को भी 9557444486 और हेल्पलाइन 112 पर भी आग की घटना की सूचना दे सकते हैं।

प्रदेश में अब तक जंगल की आग की स्थिति

  • क्षेत्र, घटना, प्रभावित क्षेत्र
  • गढ़वाल क्षेत्र, 419, 531
  • कुमाऊं क्षेत्र, 577, 818
  • वन्यजीव आरक्षित, 90, 118
  • कुल, 1086, 1467
  • मानव घायल, 04
  • मानव मृत्यु, 06 (प्रभावित क्षेत्र हेक्टेयर में है।)