उत्तराखंड में एससी छात्रों मिलेगी फ्री कोचिंग, बनेगा पहला निशुल्क कोचिंग सेंटर
उत्तराखंड में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए पहला निशुल्क कोचिंग सेंटर बनाया जाएगा, जिस पर 71.34 लाख रुपये खर्च होंगे।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून । समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि उत्तराखंड में एससी वर्ग के छात्रों के लिए पहला कोचिंग सेंटर बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 71.34 लाख रुपये खर्च होंगे।
यहां छात्रों को आइएएस, आइपीएस और उत्तराखंड पीसीएस परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इससे कमजोर वर्ग के प्रतिभावान छात्रों को अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के जरिए अंतिम छोर पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
71.34 लाख रुपये से बनने वाले कोचिंग सेंटर का शिलान्यास
शनिवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास में 3.35 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए मंत्री ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों को मजबूती देने के लिए काम कर रही है।
गरीब लाभार्थियों को पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं की राशि डीबीटी के माध्यम से खातों में भेजी जा रही है। मंत्री ने 58.68 लाख रुपये के शौचालय निर्माण, 95.79 लाख रुपये के 60 बेड के छात्रावास और 44.93 लाख रुपये के क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया। परिसर में चाहरदीवारी, नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। जबकि 71.34 लाख रुपये से बनने वाले कोचिंग सेंटर का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सरकार छात्रों को आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष संजय नेगी, समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू अंद्वाकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, आयोग सचिव गोरधन सिंह, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, गोपाल पुरी, पार्षद त्रिलोक वर्गली, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, प्रकाश, पूनम शर्मा और राहुल लारा मौजूद रहे।