उत्तराखंड में विशेष पुनरीक्षण के बाद शनिवार को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद आज (3 अक्टूबर) अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इससे दावे-आपत्तियों और सत्यापन के बाद मतदाताओं की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो जाएगी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची की तस्वीर शनिवार तीन अक्टूबर को साफ हो जाएगी। निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
इससे यह स्पष्ट होगा कि पुनरीक्षण के दौरान सामने आए नामों, दावे-आपत्तियों और सत्यापन के बाद प्रदेश में कुल कितने मतदाता अंतिम सूची में शामिल हैं। अंतिम सूची का प्रकाशन पहले 15 सितंबर को प्रस्तावित था, जिसे दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आगे बढ़ाकर तीन अक्टूबर किया गया।
प्रदेश में एक जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए पुनरीक्षण में 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित हुई थी। इसमें 71,33,785 मतदाता दर्ज थे, जो पिछले विधानसभा चुनाव की अंतिम सूची के मुकाबले करीब 8.25 लाख कम थे।
हालांकि, निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि यह प्रारूप सूची है और दावे-आपत्तियों के बाद इसमें बदलाव संभव है। पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के नाम, पते और पात्रता का सत्यापन किया गया।
मृत, स्थानांतरित तथा अन्य कारणों से संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच के साथ पात्र मतदाताओं को दावे प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। सितंबर के अंतिम सप्ताह तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया था। अब यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
