विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

27 नवंबर को उत्तराखंड के कर्मचारी भरेंगे हुंकार, देहरादून में एसीपी बहाली के लिए होगा 'महा प्रदर्शन'

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:12 AM (IST)

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद 27 नवंबर को देहरादून में एसीपी बहाली की मांग को लेकर रैली आयोजित करेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। राज्य कर्मचारियों को पूर्व की भांति 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नत वेतनमान (एसीपी) का लाभ बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन तेज होने जा रहा है।

इस मांग के समर्थन में 27 नवंबर को देहरादून में रैली आयोजित की जाएगी। रैली को सफल बनाने के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रदेशव्यापी लामबंदी शुरू कर दी है।

प्रदेशव्यापी लामबंदी शुरू

शनिवार को परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित आनलाइन बैठक में सभी जनपदों के पदाधिकारियों और विभिन्न घटक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में रैली की तैयारियों और आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा का आंदोलन पूरी तरह एक सूत्रीय है। कर्मचारियों को पूर्व की भांति तीन पदोन्नत वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। पांच नवंबर को कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिलकर ज्ञापन सौंप चुका है।

मुख्यमंत्री ने सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय को कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी जनपदों और उपशाखाओं में बैठकें कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों से संपर्क कर उन्हें रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने किया। परिषद के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष जोशी ने बताया कि सभी 13 जिलों के प्रतिनिधियों ने 27 नवंबर की रैली को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।