Uttarakhand Chunav: करोड़पति हैं उत्तराखंड भाजपा के ये दो प्रत्याशी, शपथ पत्र से उजागर हुआ संपत्ति का ये आंकड़ा
Uttarakhand Election 2022 उमेश शर्मा काऊ की कुल चल-अचल संपत्ति करीब तीन करोड़ 88 लाख रुपये की है। इसमें उनकी पत्नी सुबोधिनी शर्मा की संपत्ति भी जोड़ दी जाए तो आंकड़ा सात करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक हो जाता है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 रायपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश शर्मा काऊ की कुल चल-अचल संपत्ति करीब तीन करोड़ 88 लाख रुपये की है। इसमें उनकी पत्नी सुबोधिनी शर्मा की संपत्ति भी जोड़ दी जाए तो आंकड़ा सात करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक हो जाता है। संपत्ति का यह आंकड़ा उमेश शर्मा काऊ ने नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्र में उजागर किया। वहीं, देहरादून कैंट विधानसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी और भाजपा के दिवंगत विधायक हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर भी एक करोड़ 26 लाख 18 हजार 314 रुपये की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं। संपत्ति का यह आंकड़ा सविता कपूर ने सोमवार को नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्र में उजागर किया।
रायपुर क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के पास दाखिल शपथ पत्र के अनुसार उमेश शर्मा काऊ ने वर्ष 2020-21 के आयकर रिटर्न में अपनी वार्षिक आय करीब 16 लाख 29 हजार रुपये बताई है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी वार्षिक आय छह लाख 83 हजार रुपये घोषित की थी। उमेश और उनकी पत्नी के नाम पर आवासीय भवन से लेकर फ्लैट, दुकानें, कई एकड़ कृषि भूमि आदि दर्ज हैं। उन्हें एक करोड़ 25 लाख रुपये (वर्तमान मूल्य) की संपत्ति विरासत में भी मिली है।
बीते विधानसभा चुनाव में काऊ दंपती की कुल चल-अचल संपत्ति का मूल्य करीब तीन करोड़ 39 लाख रुपये था। पांच साल में इसमें चार करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हो चुका है। काऊ दंपती पर कृषि ऋण भी है। उमेश के नाम पर 5.28 लाख रुपये तो उनकी पत्नी सुबोधिनी के नाम पर 12.94 लाख रुपये का ऋण चल रहा है। भाजपा प्रत्याशी पर किसी तरह का आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है।
चल-अचल संपत्ति का विवरण
चल संपत्ति, उमेश शर्मा, सुबोधिनी शर्मा
हाथ में नकद, 2.95 लाख रुपये, 1.85 लाख रुपये
बैंक जमा, 1.06 करोड़ रुपये, 9.71 लाख रुपये
आभूषण, कुछ नहीं, 10 लाख रुपये का 25 तोला सोना
वाहन, स्कार्पियो, टाटा इंडिगो
अचल संपत्ति (विभिन्न श्रेणी में)
उमेश शर्मा के पास 2.74 करोड़ रुपये
सुबोधिनी शर्मा के पास 2.05 करोड़ रुपये
विरासत में मिली संपत्ति
अजबपुर कलां में 1.93 एकड़ भूमि (1.25 करोड़ रुपये की)
हरबंस की पत्नी सविता कपूर भी करोड़पति
रिटर्निंग अधिकारी के पास दाखिल शपथ पत्र के अनुसार वर्तमान में सविता कपूर के पास करीब 51 लाख 18 हजार रुपये की चल संपत्ति है। इनमें 50 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनके बैंक खातों में छह लाख 94 हजार रुपये जमा हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय बचत, डाकघर व अन्य पालिसी में भी 20 लाख 24 हजार रुपये जमा हैं। वाहन की बात करें तो उनके पास महिंद्रा मराजो है, जिसकी कीमत साढ़े आठ लाख रुपये है।
अचल संपत्ति के रूप में उनके पास इंदिरानगर में 4500 वर्ग फीट क्षेत्र में बने आवासीय भवन का आधा हिस्सा है, जिसका वर्तमान मूल्य करीब 75 लाख रुपये है। सविता कपूर पर 39 लाख 34 हजार रुपये की देनदारी (ऋण) भी है। उनकी आय का स्रोत पारिवारिक पेंशन और बैंक खातों में जमा धनराशि से मिलने वाला ब्याज है। वर्तमान में सविता कपूर पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र से इंटरमीडिएट किया है।
यह भी पढ़ें- छह सीटों पर कांग्रेस ने पीछे खींचे हाथ, सल्ट को लेकर रणजीत के रुख पर टिकी नजर; यहां से कटा टिकट