विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा के दो बार के विधायक मालचंद और उत्तरकाशी जिपं अध्यक्ष दीपक कांग्रेस में शामिल, जानिए इनके बारे में

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Mon, 03 Jan 2022 01:24 PM (IST)Updated: Mon, 03 Jan 2022 03:01 PM (IST)

Uttarakhand Election 2022 दिल्ली में एआइसीसी मुख्यालय में उत्तराखंड प्रदेश चुनाव प्रचार के थीम सांग की हुई लान्चिंग हुई। इस ...और पढ़ें

भाजपा के दो बार के विधायक मालचंद और उत्तरकाशी जिपं अध्यक्ष दीपक कांग्रेस में शामिल।
भाजपा के दो बार के विधायक मालचंद और उत्तरकाशी जिपं अध्यक्ष दीपक कांग्रेस में शामिल।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। पूर्व विधायक मालचंद भाजपा छोड़कर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने भी कांग्रेस में वापसी कर ली।

2022 में उत्तराखंड की सत्ता की दावेदारी के लिए मजबूती से खम ठोक रही कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल भाजपा में सेंधमारी जारी रखी है। सोमवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में उत्तरकाशी जिले की पुरोला सुरक्षित विधानसभा सीट से पूर्व विधायक मालचंद कांग्रेस के पाले में चले आए। मालचंद के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आने की चर्चाएं पिछले काफी दिनों से थीं। इससे पहले पुरोला से निवर्तमान विधायक राजकुमार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। राजकुमार के भाजपा में आने के बाद से ही मालचंद के पार्टी छोड़ने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी थीं। मालचंद को पुरोला सीट पर जनाधार वाला नेता माना जाता है।

उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने पिछले काफी दिनों से तेज हुईं चर्चाओं को विराम देकर कांग्रेस में वापसी की। बिजल्वाण की युवाओं में अच्छी पैठ बताई जाती है। पार्टी के भीतर एक गुट बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने का विरोध भी करता रहा है। बिजल्वाण की जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद से ही बतौर निर्दलीय यमुनोत्री सीट से चुनाव लडऩे की तैयारी को इस विरोध की वजह बताया जा रहा है। पुरोला विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी उत्साहित है। उसे दो सीटों पुरोला और यमुनोत्री में अपनी पैठ मजबूत होने का भरोसा है।

मालचंद और दीपक बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत व पार्टी के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन मौजूद रहे। बीते रोज एआइसीसी मुख्यालय में आप पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनंतराम चौहान कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

जानिए पूर्व विधायक मालचंद के बारे में

भाजपा के नेता रहे मालचंद दो बार विधायक रहे हैं, जबकि दो बार चुनाव हारे हैं। पहली बार वे भाजपा से 2003 और फिर 2012 में पुरोला से विधायक रहे। 2008 में निर्दलीय और 2017 में भाजपा से चुनाव लड़े, लेकिन चुनाव हार गए। चार मई 1967 को देवरा गांव पुरोला में जन्मे मालचंद हाई स्कूल उत्तीर्ण हैं और परिवार में पत्नी, दो पुत्र एक पुत्री है। पत्नी गृहणी हैं।

जानिए कौन हैं दीपक बिजल्वाण

34 वर्षीय दीपक बिजल्वाण मूलरूप से पुरोला विधानसभा के पोरा गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। दीपक बिजल्वाण के पिता द्वारिका प्रसाद बिजल्वाण उत्तराखंड आंदोलनकारी और प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।

छात्र राजनीति से हुई शुरुआत

दीपक बिजल्वाण ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की है। वर्ष 2006-07 में वे पुरोला महाविद्यालय से छात्र संघ अध्यक्ष बने। वे एनएसयूआइ के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे हैं। दीपक बिजल्वाण ने पुरोला में कांग्रेस के युवा नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया था। वे साल 2008 में पुरोला से क्षेत्रपंचायत सदस्य चुने गए, जिसके बाद 2014 में पुरोला के रामा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य चुने गए।

युवा वर्ग में है खासा प्रभाव

इसके बाद 2019 में पुरोला के हुडोली वार्ड से जिला पंचायत सदस्य चुने गए और जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाजपा के प्रत्याशी चंदन पंवार को पटकनी दी। दीपक बिजल्वाण का युवा वर्ग में खासा प्रभाव है। दीपक बिजल्वाण यमुनोत्री विधानसभा में लगातार सक्रिय हैं, जिससे भाजपा और कांग्रेस के दावेदारों की भी चुनौतियां बढ़ गई हैं। आपको बता दें कि जिला पंचायत उत्तरकाशी में दीपक बिजल्वाण के तीन वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे हैं। दीपक बिजल्वाण ग्रेजुएट हैं, उनकी पत्नी एलटी में शिक्षिका है और उनका एक बेटा और एक बेटी है। 

यह भी पढ़ें- चुनाव से ठीक पहले फिर उत्तराखंड में केजरीवाल, क्या देंगे पांचवी गारंटी भी; थोड़ी देर में जनता को करेंगे संबोधित