यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Crime News: दिनदहाड़े बदमाशों ने युवक से मोबाइल छीना, शोर मचाने पर दिखाया तमंचा
Uttarakhand Crime News रुड़की में एक युवक से मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। शोर मचाने पर बाइक सवार ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुड़की। कलियर से रुड़की कचहरी आ रहे युवक से दिनदहाड़े कांवड़ पटरी पर बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक को तमंचा दिखाकर आतंकित कर दिया और वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की है।
चार युवकों ने रोका युवक का रास्ता
कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ खुर्द गांव निवासी अंकुर किसी काम से रुड़की स्थित कचहरी में साइकिल से आ रहा था। जैसे ही वह रुड़की-कलियर कांवड़ पटरी पर स्थित सोलानी पार्क के निकट पहुंचा तो अचानक ही पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
युवक को तमंचा दिखाकर करा दिया चुप
युवकों ने उसके पास मौजूद मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद युवक ने शोर मचाने का प्रयास किया, जिस पर एक बदमाश ने युवक को तमंचा दिखाकर चुप करा दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे
घटना के बाद पीड़ित ने आसपास के व्यक्तियों को मामले से अवगत कराया। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
घर में घुसकर युवक को जमकर पीटा, हंगामा
रुड़की के भंगेड़ी गांव में उधार की रकम को लेकर हुए विवाद में युवक को घर में घुसकर पीटा। इसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पहले युवक पर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
85 हजार रुपये दिए थे उधार में
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी गांव निवासी एक युवक ने दुकानदार को कुछ समय पहले 85 हजार रुपये उधार में दिए थे। युवक कई बार दुकान स्वामी से उधार की रकम मांग चुका था, लेकिन वह रकम वापस नहीं कर रहा था।
दुकानदार के पिता से की अभद्रता
गुरुवार रात युवक दुकान पर उधार की रकम मांगने के लिए पहुंचा। उस समय दुकान स्वामी के पिता दुकान पर बैठे थे। युवक ने दुकानदार के पिता से उधार की रकम वापस करने के लिए कहा। दुकान स्वामी के पिता ने युवक को बेटे से रकम वापस मांगने को कहा। इसे लेकर इनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक मोहित ने दुकानदार के पिता से अभद्रता कर दी। युवक अपने घर आ गया।
पुलिस दोनों पक्षों से कर रही पूछताछ
आरोप है कि कुछ देर बाद दुकान स्वामी अपने साथियों के साथ युवक के घर में घुस गया और उसे जमकर पीटा, जिससे मौके पर जमकर हंगामा हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। दोनों पक्षों में सुलह के प्रयास चल रहे है।
