यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरिद्वार : नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से किया दुष्कर्म, बनाया वीडियो; दो वर्षों तक करता रहा शारीरिक शोषण
Uttarakhand Crime News हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, लक्सर (हरिद्वार)। खेत में काम कर रही महिला को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर डालने की धमकी देकर दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पानी में नशीला पदार्थ डाल पिलाया
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपनी गुजर-बसर करती है। दो वर्ष पूर्व जब वह खेत में काम कर रही थी। इस दौरान उसी के गांव का एक युवक उसके पास आया तथा पानी में कोई नशीला पदार्थ उसे पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
मोबाइल पर बनाया अश्लील वीडियो
आरोप है कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो बना ली। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपित वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा है।
बेटे को जान से मारने की दी धमकी
महिला ने आरोप लगाया कि गुरुवार को आरोपित उसके नाबालिग पुत्र को जबरन उठाकर गांव के जंगल में ले गया और कहा कि अगर वह जंगल नहीं आई तो बेटे को जान से मार देगा। जब वह जंगल गई तो आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग रिश्तेदार पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
एक युवती ने बुजुर्ग रिश्तेदार पर आते जाते हुए छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। युवती ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती के घर के पास ही उसका बुजुर्ग रिश्तेदार रहता है।
बदनाम करने की देता है धमकी
युवती का आरोप है कि उसका बुजुर्ग रिश्तेदार उसके साथ पिछले कुछ समय से छेड़छाड़ कर रहा है। यह बात घर बताने पर वह बदनाम करने की धमकी देता है। उसकी हरकतों से परेशान होकर युवती ने इसकी जानकारी स्वजन को दे दी। जिसके बाद स्वजन उसे लेकर कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचे।
पुलिस में दी तहरीर
युवती ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
