यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Coronavirus Update: 48 घंटे में कोरोना के नौ नए मामले, संक्रमण दर रही 0.09 फीसद
Uttarakhand Coronavirus Update पिछले 48 घंटे में कोरोना के नौ नए मामले आए हैं जबकि कोरोना संक्रमित किसी मरीज की ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Coronavirus Update उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण का ग्राफ गिरता जा रहा है। अगर बात पिछले 48 घंटों की करे तो इस दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के सिर्फ नौ नए मामले आए हैं, जबकि कोरोना संक्रमित किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। इधर, अलग-अलग जिलों में 14 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। पिछले दो दिन की संक्रमण दर 0.09 फीसद रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले दो दिन में निजी व सरकारी लैब से 10 हजार 400 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 10 हजार 391 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नैनीताल में सबसे ज्यादा तीन लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, हरिद्वार व देहरादून में दो-दो मामले आए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ व टिहरी में भी एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर व उत्तरकाशी में कोरोना का कोई नया मामला नहीं मिला है।
अब तक प्रदेश में कोरोना के तीन लाख 43 हजार 927 मामले आए हैं। इनमें से तीन लाख 30 हजार 232 (96.02 प्रतिशत) स्वस्थ हो गए हैं। फिलहाल राज्य में कोरोना के 143 सक्रिय मामले हैं। पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग व टिहरी गढ़वाल में अभी कोई सक्रिय मामला नहीं है, जबकि देहरादून में सबसे ज्यादा 101 सक्रिय मामले हैं। आठ जिलों में सक्रिय मामले दस से कम हैं। वहीं, 7401 मरीजों की अब तक मौत भी हो चुकी है।
त्योहार पर सुस्त पड़ी टीकाकरण की रफ्तार
राज्य में दीपावली के उल्लास के बीच टीकाकरण की रफ्तार कुछ सुस्त पड़ी है। पिछले दो दिन में राज्य में आठ हजार 874 व्यक्तियों का ही टीकाकरण हुआ। राज्य में अभी तक 74 लाख 86 हजार 269 व्यक्तियों को वैक्सीन की प्रथम खुराक लग चुकी है। वहीं, 40 लाख 202 व्यक्तियों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 18 से 44 आयु वर्ग में भी अब तक 45 लाख एक हजार 599 व्यक्तियों को प्रथम और 18 लाख 17 हजार 183 व्यक्तियों को दोनों खुराक लग चुकी है।
