कांग्रेस का 'वोट बचाओ-देश बचाओ' आंदोलन तेज, उत्तराखंड में छह पर्यवेक्षक करेंगे निगरानी
कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' आंदोलन को गति देने के लिए छह पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। ये ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तराखंड में भी पार्टी ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ आंदोलन को गति देने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस हाईकमान ने आंदोलन की निगरानी व संचालन के लिए छह पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, जो 25 अक्टूबर से पार्टी के 27 सांगठनिक जिलों में मोर्चा संभालेंगे।
दो माह तक चलने वाले इस आंदोलन के दौरान पर्यवेक्षक मतदाता सूची में पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। साथ ही मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) में छूटे मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज कराने को प्रयास करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आंदोलन के दृष्टिगत जिला व महानगर इकाइयों के अध्यक्षों को पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस हाईकमान ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर साफ किया है कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के मुद्दे पर वह कोई ढील देने के मूड में नहीं है।
पर्यवेक्षकों को बाकायदा प्रशिक्षण भी दिया गया है। वे प्रेस कांन्फ्रेंस, बैठक, रैली के माध्यम से वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच रखेंगे। साथ ही अपने आवंटित जिलों में अभियान की प्रगति का ब्योरा सीधे हाईकमान को देंगे।
पर्यवेक्षक दीपक राठौर ने बताया कि सभी पर्यवेक्षक 25 अक्टूबर से अपने-अपने आवंटित जिलों का दौरा करेंगे। आंदोलन के दौरान उन क्षेत्रों में ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जहां एसआइआर में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटें हैं। बता दें कि प्रीएसआइआर में नौ लाख और एसआइआर में करीब चार लाख लोगों के नाम हटे हैं।
‘सभी जिला व महानगर इकाइयों के अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय कर आंदोलन के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें। साथ ही ब्लाक, नगर, मंडल कांग्रेस कमेटियों के साथ ही आनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों की भी इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराएं।’
राजेंद्र भंडारी, महामंत्री संगठन, प्रदेश कांग्रेस
ये बनाए गए हैं पर्यवेक्षक
पर्यवेक्षक :- सांगठनिक जिला
संजय चोकर :- बागेश्वर, पिथौरागढ़, डीडीहाट, चंपावत व अल्मोड़ा
दीपक राठौर :- नैनीताल, हल्द्वानी, रानीखेत, रुद्रपुर व काशीपुर
आफताब अहमद :- रुड़की ग्रामीण, रुड़की महानगर, हरिद्वार ग्रामीण, हरिद्वार महानगर व ऊधम सिंह नगर
संजना जाटव :- देहरादून महानगर, पछवादून, परवादून, कोटद्वार ग्रामीण व कोटद्वार महानगर
अमित सिहाग :- टिहरी, देवप्रयाग, उत्तरकाशी व पुरोला
राजेश गर्ग :- पौड़ी, रुद्रप्रयाग व चमोली
