PM Modi के 'मन की बात' कार्यक्रम से मिलती है आगे बढ़ने की प्रेरणा : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा नेताओं ने मोथरोवाला व प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना, जिसे प्रेरणादायक बताया गया।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने 'मन की बात' को प्रेरणादायक बताया।
भाजपा ने बूथ स्तर पर 'मन की बात' कार्यक्रम सुना।
महिला आरक्षण पर विपक्ष के खिलाफ मशाल जुलूस।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यों को सामने लाते हैं।
इससे व्यक्तियों को आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। देश के दूरदराज क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विज्ञान, रक्षा और एआइ जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड, विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मातृ शक्ति के नेतृत्व में भाजपा परिवार ने सुनी मन की बात: भट्ट
देहरादून : भाजपा परिवार ने मातृ शक्ति के नेतृत्व में बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सामूहिक रूप से सुना।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यक्रम हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता है और जन-जन की भावनाओं को अभिव्यक्ति देता है। उन्होंने कहा कि जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री की अपील से पहले ही उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक परिवार स्वगणना में भाग ले चुके हैं, जो प्रदेशवासियों की जागरूकता दर्शाता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य जनगणना प्रक्रिया में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेगा। भट्ट ने कहा कि ऊर्जा संकट जैसे वैश्विक मुद्दों पर भारत की मजबूती और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति ने नागरिकों का विश्वास बढ़ाया है।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मधु भट्ट, विनोद उनियाल, डा. गीता खन्ना, जगमोहन रावत और राजेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कल मशाल जुलूस निकालेगी भाजपा: रेखा आर्या
देहरादून : महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि महिला आरक्षण के विरोध में विपक्षी दलों के रुख से महिलाओं में व्यापक आक्रोश है। इस आक्रोश को अभिव्यक्ति देने के लिए 28 अप्रैल को देहरादून में भाजपा की ओर से मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
रविवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि विपक्ष के कारण महिलाओं को उनका लोकतांत्रिक अधिकार मिलने में बाधा आई है। जनभावनाओं को सामने लाने के उद्देश्य से इसी दिन विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र भी आहूत किया गया है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में लोजपा (राम विलास) 20-25 सीटों पर लड़ेगी, पार्टी ने किया एलान
उन्होंने बताया कि शाम छह बजे महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी से मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो विपक्ष की कथित महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ होगा। मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की महिलाओं की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और स्पष्ट संदेश दिया जाएगा।
