प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में नहीं पहुंचे हरक, इस बात से जोड़कर देखी जा रही उनकी नाराजगी
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की शनिवार को हुई बैठक से कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत की दूरी चर्चा का विषय बनी रही। माना जा रहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष को हटाने में हो रही देरी से हरक नाराज हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की शनिवार को हुई बैठक से कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत की दूरी चर्चा का विषय बनी रही। माना जा रहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष को हटाने में हो रही देरी से हरक नाराज हैं। इसीलिए वह कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने की बजाए अपने विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के लिए रवाना हो गए।
श्रम मंत्री हरक सिंह रावत और कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सत्याल के मध्य पिछले साल अक्टूबर से रार चल रही है। हाल में सत्याल ने बोर्ड की सचिव के साथ चल रहे विवाद के बीच श्रम मंत्री की अध्यक्षता वाले पिछले बोर्ड के कार्यकाल में हुए कार्यों को लेकर अंगुली उठाई थी। इस पर श्रम मंत्री रावत ने भी पलटवार किया और कहा कि सत्याल कुछ व्यक्तियों के इशारे पर सरकार और पार्टी संगठन की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। बीते रोज ही उन्होंने सत्याल के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधा था। सत्याल को पूर्व मुख्यमंत्री रावत का करीबी माना जाता है।
यही नहीं, श्रम मंत्री ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से सत्याल को हटाने की पैरवी भी की, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं हो पाया है। इस बीच शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को भी शामिल होना था, मगर वह बैठक में नहीं पहुंचे। वह भी तब जबकि सुबह वह देहरादून में ही मौजूद थे। इसे लेकर चर्चा बनी रही। उधर, काफी प्रयासों के बाद भी कैबिनेट मंत्री रावत से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। अलबत्ता, उनके विशेष कार्याधिकारी नरेंद्र सेमवाल ने बताया कि रावत सुबह ही अपने विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के लिए रवाना हो गए थे।
यह भी पढ़ें- आम आदमी पार्टी ने कहा तीरथ सरकार का कार्यकाल निराशाजनक, पढ़िए पूरी खबर
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें