हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक 12 अक्टूबर को, गैरसैंण में होगा विधानसभा सत्र
उत्तराखंड सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 12 अक्टूबर को हरिद्वार में होगी, जिसमें विकास और जनसरोकारों पर जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार अब हरिद्वार से विकास और जनसरोकारों का संदेश देगी। चंपावत के बाद मंत्रिमंडल की अगली बैठक हरिद्वार में आयोजित की जा रही है।
12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर भवन के सभा कक्ष में मंत्रिमंडल की बैठक होगी। सरकार के इस निर्णय को पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी जिलों को भी सरकार की प्राथमिकताओं के केंद्र में रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। विधानसभा का सत्र गैरसैंण में होगा। यह 21 से 24 अक्टूबर तक हो सकता है। मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'अपनी जरूरत से पहले दूसरों की चिंता', जब छात्रा लवप्रीत कौर की संवेदनशीलता ने जीता सीएम पुष्कर सिंह धामी का दिल
प्रदेश सरकार लगातार समावेशी विकास का संदेश दे रही है। इससे पहले चंपावत में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित कर पर्वतीय क्षेत्र तक शासन के विकेंद्रीकरण का संदेश दिया गया था। अब हरिद्वार में बैठक आयोजित कर सरकार ने मैदानी क्षेत्र के प्रति अपनी प्राथमिकता भी स्पष्ट की है।
हरिद्वार राज्य का प्रमुख धार्मिक, औद्योगिक और पर्यटन केंद्र होने के साथ ही कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में हरिद्वार में होने वाली बैठक में आगामी कुंभ मेले के साथ ही क्षेत्र से जुड़े विकास, अवस्थापना, पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और आगामी बड़े आयोजनों पर सरकार ध्यान दे रही है।
