Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज, सीएम धामी पहुंचे दिल्ली; विधायकों का भी जमावड़ा

    उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए समय मांगा है। इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर चर्चा हो सकती है। लगभग एक दर्जन भाजपा विधायक भी दिल्ली पहुंचे हैं और अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

    By Vikas dhulia Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 19 Mar 2025 09:05 AM (IST)
    Hero Image
    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार दोपहर दिल्ली पहुंच गए। इसके साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र भी अब दिल्ली बन गई है। मंत्रिमंडल में रिक्त पांच स्थानों के दावेदार भाजपा विधायकों का जमावड़ा भी अब दिल्ली में लगा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लगभग एक दर्जन विधायक अपने संपर्कों के सहारे अपनी दावेदारी को पुख्ता करने की कोशिश में दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें देहरादून के दो, हरिद्वार के तीन और कुमाऊं क्षेत्र के कुछ विधायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए समय मांगा है।

    विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विवादित टिप्पणी के कारण प्रेम चंद अग्रवाल के मंत्री पद गंवाने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल के पुख्ता संकेत मिलने शुरू हो गए थे। यद्यपि, इस तरह की चर्चा पिछले लगभग तीन सप्ताह से राजनीतिक गलियारों में चल रही है।

    पांच मंत्री पद हैं खाली

    मंत्रिमंडल विस्तार का मुख्य कारण पांच मंत्री पदों का रिक्त होना है क्योंकि इससे कामकाज में व्यवहारिक दिक्कतें आने की संभावना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हाल ही में संकेत दे दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार अब जल्द होगा। भट्ट का कहना था कि यही मंत्रिमंडल विस्तार का सही समय है।

    पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री धामी के दिल्ली दौरे और इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की बात सामने आ रही थी। मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंच गए।

    अमित शाह से मिल सकते हैं सीएम धामी

    सूत्रों के अनुसार वह मंगलवार रात्रि एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए, इसलिए अधिक संभावना यही है कि बुधवार को वह केंद्रीय नेताओं से भेंट करेंगे। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से समय मांगा है और मंगलवार देर रात या बुधवार को भेंट संभावित है। इसी दौरान मंत्रिमंडल विस्तार के लिए मुख्यमंत्री हरी झंडी लेंगे। मंत्री पद किस-किस विधायक के हिस्से आएगा, इस पर भी मोहर दिल्ली में लगेगी।

    प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी दिल्ली में ही हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री दोनों नेताओं से भी इस संबंध में विमर्श करेंगे। इस बीच मंगलवार को लगभग एक दर्जन भाजपा विधायक दिल्ली पहुंच गए। बताया जा रहा है पार्टी के 12 विधायकों के नाम मंत्री पद के लिए छंटनी किए गए हैं, जिनमें से तीन से लेकर पांच विधायकों का नंबर लग सकता है। मुख्यमंत्री बुधवार देर शाम या गुरुवार को देहरादून वापस लौटेंगे।

    इसे भी पढ़ें: PCS Transfer: उत्तराखंड में IAS-IPS के बाद अब 15 PCS अधिकारियों के तबादले, बदले गए 7 जिलों के डिप्टी डीएम