आपदा से मुकाबले को उत्तराखंड में गांव-गांव तैयार होगी ‘सुरक्षा फौज’, तकनीक संग जुड़ेगा पारंपरिक ज्ञान
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब तकनीक के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी और पारंपरिक ज्ञान को मजबूत आधार बनाया जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब तकनीक के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी और पारंपरिक ज्ञान को भी मजबूत आधार बनाया जाएगा। राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन ने ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों को तैयार करने, अर्ली वार्निंग सिस्टम का विस्तार करने और आधुनिक संसाधनों के उपयोग के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग आपदाओं के प्रति पहले से जागरूक और सतर्क हैं। उनकी सामुदायिक क्षमता और वर्षों के अनुभव को वैज्ञानिक तकनीक से जोड़कर आपदा को न्यून किया जा सकता है। राज्यपाल ने लोक भवन में उनसे मुलाकात करने आए राज्य के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को ये निर्देश दिए।
सचिव सुमन के अनुसार राज्यपाल ने ड्रोन, सेटेलाइट तकनीक, रियल टाइम डाटा और जीआइएस मैपिंग जैसे आधुनिक संसाधनों को राहत-बचाव कार्यों से जोड़ने, दुर्गम क्षेत्रों में हेली रेस्क्यू क्षमता बढ़ाने और हेलीपैड को आपदा के समय उपयोग योग्य रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही वसुंधरा ताल में अर्ली वार्निंग सिस्टम की स्थापना को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए ग्लेशियर झीलों की निगरानी के प्रयासों की सराहना की।