विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Elections 2022: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद, कर सकते हैं कई बड़ी घोषणाएं

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Thu, 25 Nov 2021 07:46 AM (IST)

Uttarakhand Assembly Elections 2022 चुनावी शंखनाद के लिए जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। दिसंबर ...और पढ़ें

Uttarakhand Elections 2022: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद।
Uttarakhand Elections 2022: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Assembly Elections 2022 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनावी शंखनाद के लिए जल्द ही उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। दिसंबर के पहले हफ्ते में मोदी देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा की तिथि अभी तय नहीं हुई है। चुनाव से पहले जनसभा में मोदी उत्तराखंड के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं।

उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की घोषणा अभी नहीं हुई है। इससे पहले ही मोदी के चुनावी बिगुल फूंकने के लिए राज्य का रुख करने से भाजपा में खुशी की लहर है तो विपक्षी खेमे में हलचल होना तय है। भाजपा उत्तराखंड में 2017 में विधानसभा चुनाव मोदी के चेहरे के बूते लड़ चुकी है। पिछले चुनाव में भाजपा ने प्रचंड बहुमत का रिकार्ड बनाकर 70 में से 57 सीटों पर कब्जा जमाया। इससे पहले उत्तराखंड की पहचान राजनीतिक रूप से अस्थिर प्रदेश के रूप में स्थापित हो गई थी। ब्रांड मोदी को आगे कर लड़े गए इस चुनाव ने पहली बार राज्य की इस छवि को भी उलट दिया।

मोदी की जनसभा की जानकारी सामने आते ही भाजपा के खेमे में नए सिरे से जोश दिखने लगा है। प्रधानमंत्री मोदी इसी माह दीपावली से एक दिन बाद यानी पांच नवंबर को केदारनाथ दौरे पर आ चुके हैं। बाबा केदार की भूमि में साधना कर चुके नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड से खास लगाव रखते हैं। अपने दौरे में वह इस लगाव को छिपाते भी नहीं हैं। बीते अक्टूबर माह में भी मोदी ने ऋषिकेश में एम्स में हुए समारोह में भाग लिया था। दिसंबर के पहले हफ्ते में उनका चुनावी कार्यक्रम तय हुआ है और यह पहली बार होगा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरे माह उत्तराखंड में होंगे।

बुधवार को चर्चा यह भी रही कि मोदी तीन दिसंबर को देहरादून आ रहे हैं। हालांकि बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने स्पष्ट किया कि मोदी की जनसभा की तिथि तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दिसंबर पहले हफ्ते में देहरादून का कार्यक्रम फाइनल हो गया है और इसकी तारीख जल्द तय हो जाएगी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री जनसभा में उत्तराखंड को लेकर बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। साथ में कुछ योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण भी कर सकते हैं।

यह भी पढें- 'आप' गुरुवार से शुरू करेगी विजय शंखनाद यात्रा, कुमाऊं की चार विधासभाओं से होगी शुरुआत; बनेगी चुनावी रणनीति