विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड में पीएम मोदी की रैली के लिए घरों में निमंत्रण भेजेगी भाजपा, मंडल स्तर तक हो रही तैयारी

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Tue, 30 Nov 2021 01:23 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 30 Nov 2021 10:36 PM (GMT+05:30)

Uttarakhand Assembly Elections 2022 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार दिसंबर की रैली को भाजपा ऐतिहासिक बनाने में जुट गई है। ...और पढ़ें

उत्तराखंड में पीएम मोदी की रैली के लिए हर घर निमंत्रण भेजेगी भाजपा।
उत्तराखंड में पीएम मोदी की रैली के लिए हर घर निमंत्रण भेजेगी भाजपा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Assembly Elections 2022 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार दिसंबर की रैली को भाजपा ऐतिहासिक बनाने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी व्यक्तिगत निमंत्रण भी भेजने की तैयारी कर रही है। ये निमंत्रण ऐसे व्यक्तियों को भेजे जाएंगे, जो समाज में प्रभाव रखते हैं।

मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने में भाजपा पूरी ताकत से जुटी हुई है। रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंडल स्तर तक रैली की तैयारियां हो चुकी हैं। प्रयास यह है कि लाखों व्यक्तियों को रैली में लाया जाए। हर बूथ से कार्यकत्र्ता व आम नागरिक इस रैली में आएं। तीनों प्रदेश महामंत्रियों को रैली के लिए जिम्मेदारी दी गई है। देहरादून महानगर, देहरादून जिला और हरिद्वार की बैठकें हो चुकी हैं। टिहरी व पौड़ी की बैठक भी चल रही है। उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए जनता को व्यक्तिगत निमंत्रण भी दिया जाएगा।

ऐसे व्यक्ति जो समाज में प्रभाव रखते हैं, पार्टी कार्यकत्र्ता उनसे मुलाकात कर रैली में शामिल होने का अनुरोध करते हुए उन्हें निमंत्रण देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में एक लाख करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री चार दिसंबर को इनमें से कुछ का लोकार्पण और कुछ का शिलान्यास करेंगे। इस रैली से कार्यकत्र्ता और जनता में उत्साह का संचार होगा। जनता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जो विश्वास है, वह और अधिक मजबूत होगा।

रैली में कोरोना से बचाव को प्रोटोकाल का होगा अनुपालन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रैली के दौरान कोविड गाइडलाइन और प्रोटोकाल का पूरा अनुपालन किया जाएगा। इसका अनुपालन सुनिश्चत कराने को कार्यकत्र्तांओं को जिम्मा दिया जा रहा है।

सरकार ने दिया गन्ना किसानों को लाभ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश में अभी तक गन्ने की कीमत उत्तर प्रदेश से एक रुपये अधिक रहती थी। इस बार इसे बढ़ाकर पांच रुपये अधिक किया गया है। इससे प्रदेश के सात लाख गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सितारगंज चीनी मिल को खोले जाने का निर्णय भी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। राज्य व केंद्र सरकार द्वारा लगातार इसके लिए काम भी किया जा रहा है। किसानों को ऋण, अच्छे बीज और खेती के लिए सहयोग देने की दिशा में भी काम किया है।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Elections 2022: पुष्कर डाल-डाल तो हरीश रावत पात-पात, हर दिन रोचक हो रही 2022 की चुनावी जंग