Uttarakhand Assembly Election: आप के प्रदेश अध्यक्ष कलेर ने दिया इस्तीफा, इस विस सीट से लड़ेंगे चुनाव
Uttarakhand Assembly Election 2022 उत्तराखंड आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। कलेर ने खटीमा से चुनाव लड़ने की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद इस्तीफा दिया है। वे खटीमा से चुनाव लड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Assembly Election 2022 आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के पीछे उन्होंने खटीमा सीट से मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी को मुख्य वजह बताया। इसके अलावा आप ने कुमाऊं, गढ़वाल और तराई क्षेत्रों के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव कैंपेन कमेटी का गठन करते हुए संगठन का विस्तार किया है।
मंगलवार को आप के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता में एसएस कलेर ने कहा कि वह अपना पूरा ध्यान खटीमा में जनसंवाद में लगाएंगे। ऐसे में उन्हें पूरे प्रदेश के लिए कम समय मिलेगा। इसलिए पार्टी ने तीन कार्यकारी अध्यक्ष बनाते हुए रणनीति तैयार की है। आप के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल (सेनि.) ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र के लिए भूपेश उपाध्याय, गढ़वाल के लिए अनंत राम चौहान और तराई के लिए प्रेम सिंह राठौर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव कैंपेन कमेटी में दीपक बाली को अध्यक्ष और बसंत कुमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कर्नल कोठियाल ने कहा कि पार्टी हित में एसएस कलेर का पिछले तीन वर्षों का योगदान अहम रहा है। कहा कि अब जल्द ही आप विधानसभाओं में प्रत्याशियों का चयन करेगी। जिससे जनता और प्रत्याशियों के बीच संवाद हो सके।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Chunav: सत्तारूढ़ दल को मजबूती से टक्कर देगी कांग्रेस, 10 लाख तक बढ़ाएगी सदस्य संख्या
19 को हल्द्वानी आएंगे अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 19 सितंबर को उत्तराखंड के अपने तीसरे दौरे के लिए हल्द्वानी आ रहे हैं। आप कार्यकत्र्ता इस दौरे पर भी केजरीवाल से किसी बड़ी घोषणा की उम्मीद कर रहे हैं। इससे पहले वह सरकार बनने पर प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली देने की घोषणा कर चुके हैं। अरविंद केजरीवाल इससे पहले दो बार देहरादून आ चुके हैं। हल्द्वानी का यह उनका पहला दौरा है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Politics: उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी का दौरा 16 सितंबर से