यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Chunav: सत्तारूढ़ दल को मजबूती से टक्कर देगी कांग्रेस, 10 लाख तक बढ़ाएगी सदस्य संख्या
Uttarakhand Chunav भाजपा को बूथवार मजबूती से टक्कर देगी। इसके लिए हर बूथ पर पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ाने के ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Chunav कांग्रेस उत्तराखंड में सत्तारूढ़ दल भाजपा को बूथवार मजबूती से टक्कर देगी। इसके लिए हर बूथ पर पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ाने के अभियान को व्यापक तरीके से अंजाम दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में इसी तर्ज पर सदस्य संख्या को 5.70 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तराखंड में कांग्रेस का सदस्यता अभियान जोर पकडऩे जा रहा है। अभियान के माध्यम से मतदाताओं को साधने की तैयारी है। सभी जिला इकाइयों को इस काम में मुस्तैदी से लगाया जाएगा। प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी यह मानकर चल रही है कि मौजूदा माहौल उसके पक्ष में है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आमजन में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के खिलाफ रोष है। रोष को भुनाने के लिए जनता को पार्टी से जोडऩे की रणनीति पर काम शुरू कर दिया गया है।
मैदानी विस क्षेत्र में 20 हजार नए सदस्य
हर विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान जोर-शोर से चलाया जाएगा। प्रत्येक मैदानी विधानसभा क्षेत्र को न्यूनतम 20 हजार और पर्वतीय विधानसभा क्षेत्र को न्यूनतम 10 हजार व्यक्तियों को जोडऩे का लक्ष्य दिया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथवार अभियान चलेगा। राज्य में 11 हजार से ज्यादा बूथ हैं। प्रत्येक बूथ पर 50 नए व्यक्ति पार्टी के साथ जोड़े जाएंगे। कुल 70 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की सदस्य संख्या को 10 लाख तक पहुंचाने में जिले से लेकर प्रदेश स्तर के कांग्रेस के पदाधिकारी जुटेंगे।
कांग्रेस के प्रति आम जन में उत्साह: गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि कांग्रेस के प्रति आम जन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में सदस्य संख्या बढ़ाने की पार्टी की कोशिशों को कामयाबी मिलने में कोई परेशानी नहीं होने वाली है। बूथों से लेकर विधानसभा क्षेत्र स्तर तक सदस्यता अभियान का पूरा दारोमदार जिला इकाइयों पर रहेगा। इस सिलसिले में 16 सितंबर को प्रदेश मुख्यालय में सभी जिला कांग्रेस इकाइयों के अध्यक्षों की बैठक होगी। इसमें सदस्यता अभियान को तेज गति से पूरा करने की रणनीति पर मंथन होगा।
