माफियाओं पर कसा शिकंजा, योग्यता को मिला सम्मान: उत्तराखंड के नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में बढ़ी पारदर्शिता
उत्तराखंड का नकल विरोधी कानून प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाया है, जिससे भर्ती माफियाओं पर शिकंजा कसा और लाखों युवाओं ...और पढ़ें
-1795089961455_m.webp)
डिजिटल डेस्क, देहरादून/अल्मोड़ा। उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार का 'नकल विरोधी कानून' (उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अध्यादेश/अधिनियम) एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हो रहा है। देश के सबसे कठोर नकल विरोधी कानूनों में शुमार इस अधिनियम के लागू होने के बाद न केवल भर्ती माफियाओं और पेपर लीक गिरोहों की कमर टूट गई है, बल्कि प्रदेश के लाखों युवाओं में सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं के प्रति एक नया विश्वास और उत्साह जागा है। आज राज्य में विभिन्न विभागों की परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो रही हैं, जिससे केवल मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को ही उनका वास्तविक हक मिल रहा है।
लंबे समय तक भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के कारण प्रदेश के होनहार युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी रहती थी। इस गंभीर समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने फरवरी 2023 में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया।
इस कानून के तहत नकल कराने वाले गिरोहों, पेपर लीक करने वाले दोषियों और अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध आजीवन कारावास से लेकर 10 वर्ष तक की कड़ी सजा, 10 करोड़ रुपये तक के भारी जुर्माने और दोषियों की अवैध संपत्ति को कुर्क (जब्त) करने जैसे कठोर प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही, इस अपराध को गैर-जमानती बनाया गया है।
इस सख्त कानून के धरातल पर उतरने के बाद से राज्य में भर्ती परीक्षाओं की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी परीक्षाएं अब निर्धारित कैलेंडर के अनुसार और पूरी शुचिता के साथ संपन्न हो रही हैं। इस कानून के लागू होने के बाद से अब तक प्रदेश में 18,000 से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण कदम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे लिए प्रदेश के युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है। पहले कुछ नकल माफियाओं के कारण हमारे मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ होता था, जिसे हमने किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न करने का संकल्प लिया।
देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर हमने नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा है। आज उत्तराखंड में पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ परीक्षाएं हो रही हैं और केवल वही युवा आगे बढ़ रहे हैं जिनमें काबिलियत और मेहनत का जज्बा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी योग्य युवा व्यवस्था की खामियों के कारण पीछे न रहे।
राज्य सरकार के इस निर्णायक कदम की प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों और अभिभावकों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। अल्मोड़ा के रहने वाले और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र रोहित जोशी ने कहा कि पहले जब भी किसी भर्ती परीक्षा की तैयारी करते थे, तो मन में हमेशा यह डर रहता था कि कहीं पेपर लीक न हो जाए या पैसे के दम पर कोई अयोग्य व्यक्ति हमारी सीट न छीन ले।
लेकिन नकल विरोधी कानून आने के बाद यह डर पूरी तरह खत्म हो गया है। हाल ही में संपन्न हुई परीक्षाओं में मैंने बिना किसी तनाव के भाग लिया और निष्पक्ष परिणाम के आधार पर मेरा चयन भी हुआ। यह कानून हम जैसे सामान्य परिवारों के बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
वहीं, देहरादून के एक अभिभावक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश चंद्र ने कहा कि एक शिक्षक और अभिभावक के रूप में बच्चों को दिन-रात मेहनत करते देखना और फिर धांधली की खबरें सुनना बेहद पीड़ादायक होता था। मुख्यमंत्री जी द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून ने अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता दूर कर दी है। आज परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था देखकर भरोसा होता है कि अब सिफारिश या पैसे से नहीं, बल्कि केवल पढ़ाई और मेहनत से ही सरकारी नौकरी मिलेगी।
प्रशासनिक विशेषज्ञों का भी मानना है कि उत्तराखंड का यह नकल विरोधी मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल बन चुका है। कड़े कानूनी प्रावधानों, तकनीकी निगरानी और राजनीतिक इच्छाशक्ति के समन्वय ने न केवल भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता को बहाल किया है, बल्कि देवभूमि के युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर राज्य के समग्र विकास का मार्ग भी प्रशस्त किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।