विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर, उत्तराखंड के पॉलिटेक्निक छात्रों को मिलेंगे रोजगार के अवसर; नवंबर में लगेंगे तीन वृहद रोजगार मेले

Published: Fri, 16 Oct 2026 09:46 PM (IST)

उत्तराखंड में नवंबर में तीन बड़े रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारकों सहित अन्य बेरोजगार युवाओं को ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं समेत अन्य बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नवंबर में तीन वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री ड धन सिंह रावत ने इसके साथ ही राजकीय पालीटेक्निक कालेजों में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा करने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को आमावाला स्थित आईआरडीटी सभागार में विभागीय समीक्षा की। उन्हाेंने कहा कि राज्य सरकार का ध्यान युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर है। इसके लिए नवंबर में प्रस्तावित तीनों रोजगार मेलों की तैयारियां अभी से शुरू की जाएं। इनमें पॉलिटेक्निक से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के साथ ही अन्य बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक कालेजों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कालेजों में छात्रावास की आवश्यकता है, वहां निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजी जाए।

उन्होंने कालेजों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, बेहतर पुस्तकालय, खेल सामग्री, शुद्ध पेयजल, ओपन जिम और आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि राजकीय पालीटेक्निक लोहाघाट, सल्ट, दन्या, गरुड़, गैरसैंण, नई टिहरी, पंतनगर और काशीपुर में भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। इन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, निदेशक सचिव यूबीटीआर मुकेश पांडे, संयुक्त निदेशक एसके वर्मा, उप निदेशक एमके कन्याल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- दिव्यांग युवाओं के सपनों को लगेंगे नए पंख, उत्तराखंड में शुरू हुई 'मुफ्त सिविल सेवा कोचिंग योजना'