विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में रविवार को 54 परीक्षा केंद्रों पर 21,798 अभ्यर्थी देंगे यूपीएससी और सीडीएस सहित अन्य परीक्षाएं, पढ़ें पूरी जानकारी

Published: Fri, 11 Sep 2026 06:17 PM (IST)

देहरादून में रविवार को यूपीएससी की सीडीएस, एनडीए और एनए परीक्षाएं 54 केंद्रों पर आयोजित होंगी, जिसमें 21,798 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को आयोजित होने वाली कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस), नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) एवं नेवल एकेडमी (एनए) परीक्षा के लिए देहरादून में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जनपद में 54 परीक्षा केंद्रों पर 21,798 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने यूपीएससी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांच लिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सीलबंद बाक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक केंद्र उसका विवरण और संख्या निर्धारित समय में उपलब्ध कराए।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

पांच पालियों में होगी परीक्षा

सीडीएस परीक्षा में 8,001 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ से 11 बजे, दूसरी दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और तीसरी शाम 4 से 6 बजे तक चलेगी।

वहीं, एनडीए एवं एनए परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसकी पहली पाली सुबह 10 से 12:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से 4:30 बजे तक होगी।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ से दिल्ली देहरादून विमान सेवा एक सप्ताह के लिए स्थगित, हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित, इस तारीख से होंगी शुरू