देहरादून में उपनल के बैंक खाते से जाली चेकों के जरिए 68.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
उत्तराखंड उपनल के बैंक खाते से जाली चेकों के जरिए 68.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। बैंक की शिकायत के बावजूद पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज नहीं किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उपनल के बैंक खाते से 68.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
जाली चेकों का उपयोग कर रकम निकाली गई, चार लाभार्थी।
पुलिस ने पहले शिकायत पर कार्रवाई नहीं की, अब मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते से जाली चेकों के जरिए 68.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि बैंक की ओर से 20 जून को कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
बैंक प्रबंधन ने पुलिस पर बिना सूचना दिए शिकायत बंद करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से दोबारा गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया, हाथीबड़कला शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा के अनुसार, 17 जून को 14 जाली चेकों के जरिए उपनल के खाते से 68.39 लाख रुपये निकाल लिए गए।
ये चेक निगम ने जारी नहीं किए थे और मूल चेकबुक भी उसके पास सुरक्षित थी। जांच में रकम चार लाभार्थियों के खातों में पहुंचने की बात सामने आई। इनमें एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, सुप्रियो मुखर्जी, सुभजीत मंडल और सौरव विश्वास शामिल हैं।
इतना ही नहीं आरोपितों ने पांच अन्य चेकों से 24.43 लाख रुपये निकालने का प्रयास भी किया गया। बैंक ने समय रहते भुगतान रुकवा दिया। कार्रवाई के दौरान केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज के खाते में मौजूद 16.54 लाख रुपये फ्रीज कराए गए।
बैंक प्रबंधक का आरोप है कि 20 जून को कोतवाली में शिकायत देने पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन मिला था, लेकिन बाद में शिकायत बंद कर दी गई। अब एसएसपी को दी शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।