तेलंगाना में एनकाउंटर का उमा भारती ने किया स्वागत
पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी उमा भारती ने दुष्कर्म के आरोपितों की एनकाउंटर में मौत पर तेलंगाना पुलिस की प्रशंसा की है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी उमा भारती ने दुष्कर्म के आरोपितों की एनकाउंटर में मौत पर तेलंगाना पुलिस की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि घटना के दिन से ही वह बेहद दुखी, आहत और क्षुब्ध थी। साध्वी उमा भारती ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ब्रह्मपुरी में श्री राम तप स्थली आश्रम में स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने ट्वीट करके आरोपितों की एनकाउंटर में मौत का समर्थन करते हुए तेलंगाना पुलिस की तारीफ की थी। उन्होंने कहा मैं अब विश्वास कर सकती हूं कि दूसरे राज्यों के शासन में बैठे हुए लोग भी अपराध पर अंकुश लगाने व अपराधियों को तत्काल सबक सिखाने के रास्ते निकालेंगे। आश्रम में पत्रकार वार्ता में साध्वी उमा भारती ने कहा कि जिस घर की बेटी निर्दयता का शिकार होकर दुनिया से चली गई उस परिवार का दुख कम नहीं होगा, लेकिन उस बेटी की आत्मा को शांति जरूर मिलेगी। भारत की अन्य बेटियों के मन से भय कुछ कम होगा। उमा भारती ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए खुशी और राहत वाला दिन है। उन्होंने कहा समाज के अंदर इस तरह की घटनाएं करने वाले तत्वों के मन में भय पैदा करना जरूरी है। कहा कि इस तरह की घटनाओं में कानून में बदलाव करने की जरूरत नहीं है, वरन कानून को सख्ती से लागू करने की जरूरत है। कुछ लोग इस एनकाउंटर को अधर्म बताएंगे, कुछ मानवाधिकारी इसे अनैतिक बताएंगे, मगर सबको ध्यान रखना होगा कि सीता मैया के कारण ही राम के हाथों रावण का वध हुआ था। द्रोपदी के अपमान के बाद दुर्योधन और दुशासन को पांडवों ने सजा दी थी। हमारी संस्कृति में इस तरह के दंड का स्वागत हुआ है।