सहसपुर में स्मैक तस्करी में महिला समेत दो लोग गिरफ्तार Dehradun News
देहरादून सहसपुर थाने के गेट पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार सहारनपुर की महिला समेत दो व्यक्तियों को स्मैक तस्करी में गिरफ्तार किया है।
विकासनगर (देहरादून), जेएनएन। सहसपुर थाने के गेट पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार सहारनपुर की महिला समेत दो व्यक्तियों को स्मैक तस्करी में गिरफ्तार किया है। आरोपित सहारनपुर से स्मैक तस्करी के लिए सेलाकुई जा रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से सहसपुर थाने के गेट पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। गुरुवार रात में एसएसआइ कुलदीप पंत ने बाइक को रोका, बाइक पर एक महिला व पुरूष आ रहे थे, जिनको पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो वे पीछे मुड़कर भागने लगे। शक होने पर एसएसआइ ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। महिला पुलिस से बाइक सवार महिला की तलाशी कराई गई तो उसके पास से 4.40 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जबकि बाइक सवार युवक के पास से 4.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान इसरार पुत्र जमशेद मूल निवासी चिल्काना अड्डा सहारनपुर उत्तर प्रदेश व हाल निवासी रामपुर सहसपुर तथा आसमा पत्नी इसरार मूल निवासी मिर्जापुर सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्मैक तस्करी की बात स्वीकार की। थानाध्यक्ष नरेंद्र गहलावत के अनुसार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई कर जेल भेजा गया। आरोपितों का अपराधिक इतिहास पता करने को संबंधित थाने की पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: स्मैक की तस्करी में युवक गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
नशे की हालत में बाइक सवार भिड़े
कोतवाली अंतर्गत आसन बैराज के पास दो बाइकों की आपस में टक्कर से दो व्यक्ति चोटिल हो गए। चीता ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने दोनों को आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में भेजा, जहां पर दोनों बाइक सवारों के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। चौकी प्रभारी हिमानी चौधरी ने बताया कि नशे की हालत में होने पर बाइक सवार दोनों युवकों का मेडिकल कराया गया। दोनो शराब का सेवन किए हुए थे। पुलिस ने बाइक सवार जकतार सिंह पुत्र सोन सिंह व अमरिक सिंहह पुत्र कपूर सिंह निवासी सुखेड़ा पांवटा साहिब जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों बाइकें सीज कर दी।
यह भी पढ़ें: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, पांच तस्कर गिरफ्तार Dehradun News